Sonam Raghuvanshi Case: राजा रघुवंशी की हत्या में गिरफ्तार सोनम रघुवंशी सहित पांच आरोपियों को लेकर मेघालय पुलिस सोहरा लेकर जाने की योजना बना रही है जहां कत्ल को अंजाम दिया गया था। यहां क्राइम सीन रीक्रिएट किया जाएगा। शिलांग की एक अदालत ने सोनम रघुवंशी और चार अन्य आरोपियों को आठ दिनों की पुलिस हिरासत में भेज दिया है। पूर्वी खासी हिल्स जिले के एसपी विवेक सिएम ने कहा कि पुलिस के पास आरोपियों के खिलाफ पुख्ता मामला है। उन्होंने कहा कि हत्या से पहले और बाद की घटनाओं के सिलसिले को जोड़ने के लिए उनसे अलग-अलग और एक साथ पूछताछ की जाएगी, लेकिन उन्होंने यह नहीं बताया कि पुलिस उन्हें सोहरा कब ले जाने की योजना बना रही है।
राजा रघुवंशी हत्याकांड
8 दिन की रिमांड पर सोनम और अन्य आरोपी
विवेक सिएम ने कहा, पुलिस ने सभी आरोपियों की 10 दिन की रिमांड मांगी थी। अदालत ने 8 दिन की पुलिस हिरासत मंजूर की है। उन्होंने कहा कि बहुत सारे ऐसे सवाल हैं, जिन्हें हमें सुलझाना है। हम सोनम से पूछताछ के बाद ही उनकी पुष्टि कर सकते हैं। हमारे साक्ष्यों से यह साबित होता है कि वह इसमें बहुत हद तक शामिल है। पूछताछ के बाद यह स्पष्ट हो जाएगा।
24 वर्षीय सोनम को सोमवार सुबह उत्तर प्रदेश के गाजीपुर से गिरफ्तार किया गया था, जबकि उसके कथित प्रेमी राज कुशवाह को रविवार रात मध्य प्रदेश के इंदौर से पकड़ा गया था। पुलिस ने कहा है कि दोनों ने तीन लोगों को हायर किया था। उत्तर प्रदेश के ललितपुर से आकाश राजपूत, मध्य प्रदेश के इंदौर से विशाल सिंह चौहान और मध्य प्रदेश के सागर से आनंद कुर्मी को राजा रघुवंशी की हत्या के लिए सुपारी दी गई थी।
सोनम में कैसे रची साजिश
शिलांग में मेघालय के एक पुलिस अधिकारी ने पीटीआई को बताया कि सोनम ने अपने पति को समझाया कि उन्हें अपनी शादी पूरी करने से पहले असम के कामाख्या देवी मंदिर में प्रसाद चढ़ाना होगा और वह उसके साथ वहां जाने के लिए राजी हो गया। सोनम और राजा ने 11 मई को इंदौर में शादी की और 21 मई को असम के गुवाहाटी से होते हुए मेघालय पहुंचे। जांच की निगरानी कर रहे सिएम ने बताया कि हत्यारे अगले दिन गुवाहाटी पहुंचे। उन्होंने गुवाहाटी में अपने होटल के पास की एक दुकान से एक चाकू खरीदा।
सोनम और राजा 20 मई को गुवाहाटी पहुंचे, 21 मई को शिलांग (गुवाहाटी से करीब 2 घंटे की ड्राइव पर स्थित) पहुंचे और वहां से 22 मई को करीब 50 किलोमीटर दूर सोहरा पहुंचने के लिए एक किराए के स्कूटर पर सवार हुए। 23 मई को सुबह वे सोहरा में अपने होमस्टे से बाहर निकल गए, जिस दिन राजा और सोनम दोनों लापता हो गए। यह जोड़ा 23 मई को पूर्वी खासी हिल्स जिले के सोहरा में नोंग्रियाट गांव में एक होमस्टे से चेक आउट करने के कुछ घंटों बाद लापता हो गया था। पुलिस ने कहा, सोनम ने अपने पति राजा को नोंग्रियाट के जंगलों में ले जाने के लिए मजबूर किया। सुनसान रास्ते पर राजा मारने का प्लान था। लेकिन, चूंकि 22 मई और 23 मई को नोंग्रियाट में बहुत सारे पर्यटक ट्रेकिंग कर रहे थे, इसलिए वे उसे वहां नहीं मार सके।
राजा के कत्ल के बाद फरार हुई सोनम
अधिकारी ने बताया कि रघुवंशी की हत्या आखिरकार वेइसाडोंग फॉल्स के पास की गई और कॉन्ट्रैक्ट किलर ने उसके शव को पास की एक घाटी में फेंक दिया। एसपी सिएम ने बताया कि हत्या के दिन सोनम अपने ब्वॉयफ्रेंड राज के संपर्क में थी, जिसने हत्यारों से संपर्क किया था। एसपी ने बताया कि हत्या के बाद सोनम ने मावकडोक से शिलांग तक टैक्सी ली और फिर गुवाहाटी के लिए एक टूरिस्ट कैब किराए पर ली। इसके बाद वह पकड़े जाने से बचने के लिए कई ट्रेनों में सवार हुई। हालांकि, उसका दावा है कि वह सीधे इंदौर पहुंची थी। उन्होंने कहा कि इसकी पुष्टि अभी भी की जा रही है।
