महाराष्ट्र के सोलापुर एयरपोर्ट पर गुरुवार को एक बड़ा विमान हादसा टल गया। यहां टेकऑफ की कोशिश के दौरान एक ट्रेनिंग विमान रनवे से फिसल गया। विमान एक ट्रेनी पायलट उड़ा रहा था। घटना के बाद मौके पर अधिकारियों की टीम पहुंच गई।
सोलापुर एयरपोर्ट पर रनवे से फिसला विमान।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, ट्रेनी पायलट जब विमान को टेकऑफ कराने की कोशिश कर रहा था, तभी विमान रनवे से अपना संतुलन खो बैठा और बाहर की तरफ चला गया। इस घटना में पायलट को चोट नहीं आई है। हालांकि, विमान में कुल कितने लोग सवार थे, इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है।
रनवे पर आगे की तरफ झुक गया विमान
घटना के बाद सामने आए विजुअल्स में विमान रनवे पर आगे की तरफ झुका हुआ दिखाई दे रहा है। उसका अगला हिस्सा यानी नोज जमीन को छूता नजर आ रहा है। हादसे की सूचना मिलते ही अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
सोलो क्रॉस-कंट्री फ्लाइट पर थी महिला ट्रेनी पायलट
रेडबर्ड एविएशन ट्रेनिंग एकेडमी के करण मान ने बताया कि महिला ट्रेनी पायलट अपनी सोलो क्रॉस-कंट्री फ्लाइट पर थी। इसी दौरान विमान की हार्ड लैंडिंग हुई और वह रनवे पर ही फंस गया। उन्होंने बताया कि इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ।
