Manish Kashyap Joins Jan Suraj Party: भारतीय जनता पार्टी (BJP) को हाल में अलविदा कहने वाले बिहार के सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर मनीष कश्यप ने सोमवार को प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी का दामन थाम लिया। वह यहां किशोर की मौजूदगी में अपने समर्थकों के साथ जन सुराज पार्टी में शामिल हुए। कश्यप के यूट्यूब अकाउंट पर लगभग एक करोड़ सब्सक्राइबर हैं। वह कुछ साल पहले पहली बार तब सुर्खियों में आए थे, जब उन्हें तमिलनाडु पुलिस ने दक्षिणी राज्य में बिहारी प्रवासियों के साथ दुर्व्यवहार के कथित फर्जी वीडियो पोस्ट करने के आरोप में गिरफ्तार किया था।
मनीष कश्यप जन सुराज पार्टी में हुए शामिल
पिछसे साल भाजपा में हुए थे शामिल
पिछले साल लोकसभा चुनाव से पहले वह भाजपा में शामिल हुए थे, लेकिन टिकट नहीं दिया गया। कश्यप ने जून में एक वीडियो संदेश में भाजपा से अपने इस्तीफे की घोषणा की थी और आरोप लगाया था कि भाजपा ने दिल्ली विधानसभा चुनावों तक उनका इस्तेमाल किया और उसके बाद उन्हें मझधार में छोड़ दिया। इस दौरान जन सुराज पार्टी के प्रमुख प्रशांत किशोर ने मनीष कश्यप का जन सुराज पार्टी में स्वागत किया। प्रशांत किशोर ने जन सुराज के डिजिटल योद्धा समागम में मनीष कश्यप का पार्टी में स्वागत किया। प्रशांत किशोर ने कहा कि बिहार में व्यवस्था परिवर्तन की चाहत रखने वाले सभी लोगों को साथ आना चाहिए। मनीष कश्यप ने हाल ही में जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर से मुलाकात कर संविधान की प्रति भेंट की थी।
