Siwan AK-47 Firing Case: नीट पेपर लीक के खिलाफ 25 जुलाई को बिहार बंद के दौरान कई शहरों में भी विरोध प्रदर्शन हुए थे। हालांकि, सीवान, पटना, भागलपुर सहित कई शहरों में उग्र प्रदर्शन हुए थे। इसी बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो काफी वायरल हो रहा है, जहां एक जवान ने AK-47 से फायरिंग की थी। हालांकि, पुलिस ने फायरिंग करने वाले जवान को सस्पेंड कर दिया है। पुलिस अधीक्षक पूरन कुमार झा के निर्देश पर फायरिंग करने वाले सिपाही अभिषेक कुमार पटेल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
'देश में पहली बार प्रदर्शनकारी छात्रों पर AK-47 से गोली चलवाई', तेजस्वी यादव का बड़ा आरोप। AI IMAGE
तेजस्वी ने सम्राट सरकार पर साधा निशाना
इस मामले में नेता विपक्ष तेजस्वी यादव ने सम्राट चौधरी सरकार पर जमकर निशाना साधा है। उनका कहना है कि अगर एनडीए सरकार ने तुरंत छात्रों को रिहा नहीं किया तो आरजेडी सड़कों पर उतरेगी और बिहार में आंदोलन करेगी।
तेजस्वी यादव ने एक्स हैंडल पर लिखा, "सात हत्याओं के आरोपी बिहार के मुख्यमंत्री एक निम्न स्तर के अपराधी हैं, जिन्होंने सभी लोकतांत्रिक परंपराओं का त्याग कर दिया है और देश में पहली बार प्रदर्शनकारी छात्रों पर AK-47 से फायरिंग का आदेश दिया है।"
उन्होंने आगे लिखा,"छात्रों के साथ समझौता होने के बावजूद, बिहार में हजारों छात्रों को झूठे आरोपों में फंसाकर हिरासत में लिया जा रहा है और उनके परिवारों को परेशान किया जा रहा है। यदि छात्रों को रिहा नहीं किया गया, तो NDA सरकार को भारी कीमत चुकानी पड़ेगी।"
पुलिस ने कई लोगों को किया गिरफ्तार
सीवान जिले में 25 जुलाई को हुए प्रदर्शन के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कई लोगों को गिरफ्तार किया है। जिस पर तेजस्वी यादव ने तुरंत सभी छात्रों को रिहा करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि छात्र अपने हितों के लिए प्रदर्शन कर रहे थे, लेकिन तेजस्वी ने अस्पताल में भर्ती घायल छात्रों से फोन पर बात कर उनका हालचाल भी जाना था।
