मेघालय के शिलॉन्ग लोकसभा क्षेत्र से सांसद और वॉइस ऑफ द पीपल पार्टी (VVP) के नेता रिकी एंड्रयू जे सिंगकों (54) का गुरुवार शाम निधन हो गया। वे फुटसल (फुटबॉल की तरह एक खेल) खेलते समय अचानक गिर पड़े और बाद में अस्पताल में इलाज के दौरान उनका निधन हो गया। वो गुरुवार शाम मावलाई मावियोंग में दोस्तों के साथ फुटबॉल खेलने गए थे।
वॉइस ऑफ द पीपल पार्टी (VVP) के नेता रिकी एंड्रयू जे सिंगकों (54) का गुरुवार शाम निधन हो गया।
समाचार एजेंसी आईएएनएस की रिपोर्ट के मुताबिक, जब उनकी तबीयत बिगड़ी तो वहां मौजूद लोगों ने उन्हें तुरंत पास के मावियोंग सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में इमेंरजी स्थिति में इलाज के लिए पहुंचाया। हालांकि, सूत्रों के अनुसार, उस समय अस्पताल में डॉक्टर न होने की वजह से उन्हें हायर सेंटर में रेफर कर दिया गया था।
बाद में उन्हें एडवांस ट्रीटमेंट के लिए जाइआव स्थित डॉ. एच. गॉर्डन रॉबर्ट्स अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल सूत्रों ने बताया कि मेडिकल टीम के प्रयासों के बावजूद स्यंगकॉन को बचाया नहीं जा सका।
इस घटना पर मेघायल के मुख्यमंत्री कॉनराड के. संगमा ने ट्वीट किया, 'शिलांग से माननीय सांसद डॉ. रिकी ए. जे. सिंगकॉन के असामयिक निधन से मैं अत्यंत स्तब्ध और दुखी हूं. डॉ. रिकी एक समर्पित और करुणा से भरे नेता थे, जिनमें जनसेवा के प्रति गहरा उत्साह और अपनी जनता के प्रति अटूट प्रतिबद्धता थी. वे आस्थावान थे और विनम्रता, दूरदर्शिता और समाज के उत्थान की सच्ची इच्छा के साथ सेवा करते थे. इस मुश्किल समय में उनके परिवार, मित्रों और अनगिनत शुभचिंतकों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदनाएं हैं। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दें।'
पीएम मोदी ने प्रकट किया शोक
इस घटना पर पीएम मोदी ने शोक प्रकट करते हुए सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर लिखा, "शिलांग से लोकसभा सांसद डॉ. रिकी ए.जे. सिंगकॉन के निधन से गहरा दुःख हुआ है। मेघालय की जनता के प्रति उनकी समर्पित सेवा के लिए उन्हें हमेशा याद किया जाएगा। इस कठिन समय में मेरी संवेदनाएं उनके परिवार, मित्रों और समर्थकों के साथ हैं। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें।"
