देश

क्या कांग्रेस से खत्म हुई अनबन? खरगे-राहुल संग तस्वीर में दिखे शशि थरूर

Congress Internal Conflict: कांग्रेस के दिग्गज नेता और तिरुवनंतपुरम सांसद शशि थरूर पिछले कुछ वक्त से ग्रैंड ओल्ट पार्टी से नाराज चल रहे हैं, लेकिन हालिया तस्वीर से ऐसी तमाम अटकलों पर विराम लग गया। कांग्रेस ने तस्वीर पोस्ट कर कहा, ''केरल कांग्रेस ने पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी से मुलाकात की।''

Image

कांग्रेस के दिग्गज नेता और तिरुवनंतपुरम सांसद शशि थरूर (फोटो साभार: @INCIndia)

Photo : Twitter

Congress Internal Conflict: कांग्रेस के दिग्गज नेता और तिरुवनंतपुरम सांसद शशि थरूर पिछले कुछ वक्त से ग्रैंड ओल्ट पार्टी से नाराज चल रहे हैं। उन्हें ऐसा प्रतीत हो रहा है कि कांग्रेस उनकी अनदेखी कर रही है, लेकिन हालिया तस्वीर से ऐसी तमाम अटकलों पर विराम लग गया। कांग्रेस ने 'एक्स' पर एक तस्वीर साझा की जिसमें पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, लोकसभा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, पार्टी महासचिव केसी वेणुगोपाल, तिरुवनंतपुरम सांसद शशि थरूर सहित केरल कांग्रेस के अन्य नेता दिखाई दे रहे हैं।

केरल में अगले साल विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। ऐसे में पार्टी विधानसभा चुनाव की रणनीतियों में जुट गई हैं। कांग्रेस ने तस्वीर पोस्ट कर कहा, ''केरल कांग्रेस ने पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी से मुलाकात की।'' इस मुलाकात में संगठन की स्थिति, विधानसभा चुनाव की तैयारियों और कुछ अन्य बिंदुओं पर चर्चा की गई।

कहां हुई बैठक?

कांग्रेस मुख्यालय 'इंदिरा भवन' में हुई इस बैठक में पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के साथ पार्टी के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल, महासचिव और वायनाड से लोकसभा सदस्य प्रियंका गांधी वाड्रा, प्रदेश प्रभारी दीपा दासमुंशी, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष के. सुधाकरन, लोकसभा सदस्य शशि थरूर और प्रदेश के कई अन्य वरिष्ठ नेता शामिल थे।

केरल के कांग्रेस नेताओं की बैठक इस लिहाज से महत्वपूर्ण है कि इन दिनों पार्टी के सांसद तथा वरिष्ठ नेता शशि थरूर के नाराज होने की अटकलें हैं। थरूर द्वारा एक अखबार में लिखे हालिया लेख पर विवाद पैदा हो गया है। इस लेख में उन्होंने केरल में निवेश के माहौल को बढ़ावा देने के लिए वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (LDF) सरकार की प्रशंसा की है। इसको लेकर वह केरल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कुछ नेताओं के निशाने पर हैं।

थरूर ने क्या कुछ कहा?

थरूर ने हाल ही में राहुल गांधी से मुलाकात की थी और माना जा रहा है कि उन्होंने अपना पक्ष उनके समक्ष रखा। पूर्व केंद्रीय मंत्री थरूर ने एक अखबार में छपी उस खबर को फर्जी बताया था, जिसमें उनके हवाले से कहा गया था कि यदि कांग्रेस को उनकी सेवा की जरूरत नहीं है, तो उनके पास दूसरे विकल्प भी हैं।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article