शरद पवार की पार्टी में इस्तीफे का दौर शुरू! रामेश्वर खामकर ने पार्टी से किया रिजाइन

परिसीमन विधेयक पर भाजपा को समर्थन देने के फैसले के विरोध में NCP (शरद पवार) सोशल मीडिया सेल के स्टेट जनरल सेक्रेटरी रामेश्वर खामकर ने इसे शाहू-फुले-अंबेडकर सिद्धांतों के खिलाफ बताते हुए पद से इस्तीफा दे दिया।

मुंबई, 28 नवंबर: परिसीमन विधेयक (Delimitation Bill) पर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) और भारतीय जनता पार्टी (BJP) को समर्थन देने की खबरों के बीच राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी- शरदचंद्र पवार (NCP-SP) के भीतर असंतोष खुलकर सामने आने लगा है। पहले ही पार्टी के 6 सांसदों ने विद्रोह कर रखा है, अब इसी कड़ी में पार्टी के सोशल मीडिया सेल के स्टेट जनरल सेक्रेटरी (प्रदेश महासचिव) रामेश्वर खामकर ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने अपना त्यागपत्र स्टेट प्रेसिडेंट (प्रदेश अध्यक्ष) मोहसिन शेख को भेजा है।

sharad pawar

परिसीमन विधेयक पर NCP (शरद पवार) गुट में बगावत के स्वर (फोटो- PTI)

इस्तीफे के पीछे विचारधारा और सिद्धांतों का हवाला

मोहसिन शेख को लिखे अपने इस्तीफे में रामेश्वर खामकर ने डिलिमिटेशन बिल पर भाजपा को समर्थन देने के पार्टी के संभावित रुख पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की है। खामकर ने कहा कि यह निर्णय पार्टी की प्रगतिशील (प्रोग्रेसिव) सोच और महात्मा ज्योतिराव फुले, राजर्षि शाहू महाराज तथा डॉ. बाबासाहेब अंबेडकर के सिद्धांतों के खिलाफ है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वे अपनी वैचारिक प्रतिबद्धता और सोच से किसी भी तरह का समझौता नहीं कर सकते, इसी कारण उन्होंने अपने पद से इस्तीफा देने का फैसला किया है।

शरद पवार की पार्टी में मची है उठापटक

खामकर का यह इस्तीफा ऐसे समय में आया है जब परिसीमन विधेयक के मुद्दे पर शरद पवार के नेतृत्व वाली NCP-SP के रुख को लेकर राजनीतिक गलियारों में तेज चर्चा चल रही है। जहां एक ओर सांसदों के बीच इस विधेयक के समर्थन को लेकर मतभेद और चुनावी संदेश की चिंताओं की बात सामने आ रही है, वहीं दूसरी ओर संगठनात्मक स्तर पर भी असहमति के स्वर सुनाई देने लगे हैं।

बिल को सपोर्ट करेगी शरद पवार की पार्टी

शरद पवार के नेतृत्व वाली राकांपा (शप) ने संसद में परिसीमन से जुड़े महिला आरक्षण संबंधी संविधान संशोधन विधेयक का समर्थन करने का फैसला किया है और पार्टी की कार्यकारी अध्यक्ष सुप्रिया सुले ने हाल में एक बैठक के दौरान पार्टी के नेताओं को इस निर्णय से अवगत कराया। सूत्रों ने शनिवार को यह दावा किया। हालांकि अलग से राकांपा (शप) के एक नेता ने दावा किया कि 30 नवंबर से होने वाली संसद की विशेष बैठक में शामिल होने के लिए पार्टी सांसदों को व्हिप जारी किया गया है, लेकिन परिसीमन पर पार्टी का आधिकारिक रुख अभी तक उन्हें नहीं बताया गया है। इस मुद्दे पर पार्टी के रुख पर ऐसी ’गोपनीयता’ के चलते महाराष्ट्र के वर्धा लोकसभा क्षेत्र के उसके सांसद अमर काले ने कहा,’’मैं लोकसभा के पटल पर अपनी अंतरात्मा के अनुसार मतदान करूंगा।’’

End Article
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभव...

End of Feed