Andhra Pradesh Accident: आंध्र प्रदेश के पलनाडू जिले में गुरुवार तड़के एक निजी बस और ऑटो-रिक्शा के बीच हुई दर्दनाक टक्कर में 7 लोगों की मौत हो गई, जबकि 6 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा चिलाकालुरीपेट स्थित कला मंदिर जंक्शन के पास हुआ।
आंध्र प्रदेश में भीषण सड़क हादसा
कैसे हुआ हादसा?
नरसरावपेट के उप पुलिस अधीक्षक (DSP) एम. हनुमंत राव के अनुसार, यह घटना तड़के लगभग 1 बजे की है। तिरुपति जा रही एक निजी बस एक यात्री को बैठाने के लिए चिलाकालुरीपेट के पास बाईपास पर रुकी थी। यात्री को पिक करने के बाद बस जैसे ही नरसरावपेट बस स्टैंड की ओर बढ़ी, कला मंदिर जंक्शन के पास सामने से आ रहे एक ऑटो-रिक्शा से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई।
DSP ने बताया कि हादसा उस समय हुआ जब ऑटो-रिक्शा सड़क की गलत दिशा में आ गया और सीधे बस के सामने टकरा गया। उस समय बस की रफ्तार लगभग 40 किमी प्रति घंटा थी।
4 की मौके पर ही मौत
टक्कर इतनी तेज थी कि 4 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 3 अन्य ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे में घायल हुए 6 लोगों को तुरंत इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की आगे की कार्रवाई कर रही है।
तेलंगाना सड़क हादसे में 6 लोग मारे गए थे
26 अगस्त को तेलंगाना के सूर्यापेट जिले में बुधवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे हुआ था जहां एक तेज रफ्तार प्राइवेट बस सड़क किनारे खड़ें कंटनेर डीसीएम में जा घुसी। इस हादसे में छह लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 11 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इस हादसे पर तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने घटना पर गहरा दुख जताया और मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की। मुख्यमंत्री ने मुख्य सचिव को निर्देश दिया कि सभी घायलों को हर संभव बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने अधिकारियों से घायलों की स्वास्थ्य स्थिति पर लगातार नजर रखने को भी कहा।
