Punjab AAP News: आम आदमी पार्टी पूरे प्रदेश में मेगा सदस्यता अभियान चलाएगी। इसको लेकर पार्टी का हरेक कार्यकर्ता गांव और वार्डों में उतरकर जनसंपर्क करेगा। अगले एक महीने तक चलने वाले अभियान में प्रदेश के हरेक व्यक्ति तक आम आदमी पार्टी की नीतियां पहुंचाईं जाएंगी। आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रभारी और राज्यसभा सांसद डॉ. सुशील गुप्ता, वरिष्ठ नेता अनुराग ढांडा, वरिष्ठ नेता डॉ. अशोक तंवर और वरिष्ठ नेता चौ. निर्मल सिंह ने शनिवार को चंडीगढ़ प्रेस क्लब में आयोजित प्रेस वार्ता में ये घोषणा की।
प्रदेश प्रभारी और राज्यसभा सांसद डॉ. सुशील गुप्ता मुलाना में सदस्यता अभियान की शुरुआत करेंगे
आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रभारी एवं राज्यसभा सांसद डॉ. सुशील गुप्ता ने कहा कि हरेक घर, हर वार्ड, हर गांव और प्रत्येक विधानसभा तक आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता जायेंगे। फिजिकल वेरिफिकेशन के साथ सदस्यता अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि एक महीने के अंदर 10 लाख नए सदस्य बनाने का काम किया जायेगा।
'बेहतर स्वास्थ्य और फ्री मूलभूत सुविधाओं की नीति को जनता तक पहुंचाया जाएगा'
वरिष्ठ नेता अनुराग ढांडा ने कहा की आम आदमी पार्टी का एक एक कार्यकर्ता हरेक विधानसभा और हरेक गांव में जाकर पार्टी की नीतियों को जन जन तक पहुंचाकर सदस्यता अभियान चलाएगा। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी की बेहतर शिक्षा, बेहतर स्वास्थ्य और फ्री मूलभूत सुविधाओं की नीति को जनता तक पहुंचाया जाएगा।
'आम आदमी पार्टी का हर नेता और कार्यकर्ता मजबूती से मैदान में उतरेगा'
वरिष्ठ नेता डॉ. अशोक तंवर ने कहा कि आम आदमी पार्टी का हर नेता और कार्यकर्ता मजबूती से मैदान में उतरेगा और पार्टी की सदस्यता बढ़ाने का काम करेगा। फुल प्रूफ और डबल वेरिफिकेशन के साथ एक एक कार्यकर्ता को जोड़ने का काम किया जायेगा। उन्होंने कहा कि देश के सामने आज एक मात्र विकल्प आम आदमी पार्टी है।
वरिष्ठ नेता चौधरी निर्मल सिंह ने कहा कि हमारा लक्ष्य 10 लाख कार्यकर्ताओं को पार्टी से जोड़ने का है। हम चाहते है कि देश और प्रदेश की जनता के प्रति हमारी जो भी जिम्मेदारी होगी, उसको बखूबी निभा सकें और मजबूती से जनता का पक्ष रख सकें। उन्होंने बताया कि सदस्यता अभियान के तहत मजबूत लोगों को पार्टी से जोड़ने का काम करेंगे। ताकि जनता की अपेक्षाओं पर आम आदमी पार्टी खरी उतर सके।
डबल वेरिफिकेशन के साथ जुड़ेंगे नए सदस्य
आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता अनुराग ढांडा के कहा कि मिस्ड कॉल करने से एक कोड जेनरेट होगा। जो डोर टू डोर कैंपेन में पार्टी के कार्यकर्ता वेरिफाई करेंगे। उन्होंने कहा कि आगामी चुनावों को ध्यान में रखते हुए जल्द ही संगठन की घोषणा भी की जायेगी। आम आदमी पार्टी में वार्ड और गांव स्तर से लेकर प्रदेश स्तर तक के पदाधिकारियों की नियुक्ति की जाएगी।
फरीदाबाद, हिसार, मुलाना और अंबाला में रहेंगे वरिष्ठ नेता
प्रदेश प्रभारी और राज्यसभा सांसद डॉ. सुशील गुप्ता मुलाना में सदस्यता अभियान की शुरुआत करेंगे। वरिष्ठ नेता अनुराग ढांडा हिसार और डॉ. अशोक तंवर फरीदाबाद से सदस्यता अभियान शुरू करेंगे। वहीं वरिष्ठ नेता चौधरी निर्मल सिंह और चित्रा सरवारा अंबाला सिटी और कैंट में सदस्यता अभियान में शामिल होंगे। एक माह में पूरे प्रदेश में अलग अलग कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और (आज की ताजा खबर) के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।
