Love Story: पाकिस्तानी महिला सीमा हैदर और सचिन मीणा की 'प्रेम कहानी' इन दिनों सुर्खियों में है। इस 'प्रेम कहानी' में पेंच और सीमा के आईएसआई एजेंट होने के शक पर यूपी एटीएस उससे पूछताछ और मामले की तह तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। इस बीच, सीमा-सचिन की 'लव स्टोरी' की तरह मुरादाबाद से भी एक मामला सामने आया है। यहां एक मां ने अपने बेटे की सुरक्षित रिहाई की गुहार योगी सरकार से लगाई है। इस मां का कहना है कि बांग्लादेश से आई जूली नाम की लड़की उनके बेटे को अपने साथ ले गई और अब उनके बेटे की खून से सनी तस्वीर वाट्सएप पर आई है। वहीं, मुरादाबाद के एसएसपी हेमराज मीणा ने पूरे मामले की जांच गंभीरता से कराने की बात कही है।
फेसबुक के जरिए जूली के संपर्क में आया अजय
दरअसल, सिविल लाइन इलाके में रहने वाला अजय फेसबुक के जरिए बंग्लादेश की जूली से संपर्क में आया। सोशल मीडिया पर बातचीत के दौरान दोनों में प्रेम हुआ। करीब एक साल पहले जूली भारत आई और उसने अपना धर्म परिवर्तन किया और फिर अजय से शादी कर ली। कुछ दिन बाद वह अजय को अपने साथ बांग्लादेश ले गई। कुछ दिनों बाद मुरादाबाद में परिजनों के पास वाट्सएप पर अजय की खून से सनी तस्वीर आई। तस्वीर सामने आने के बाद यह मामला खुला।
बेटे की हालत देखने के बाद सदमे में है परिवार
अपने बेटे खून वाली तस्वीर देखने के बाद परिवार सदमे में है। अजय के परिजनों ने अब एसएसपी मुरादाबाद और सीएम योगी एवं पीएम मोदी से न्याय की गुहार लगाई है। परिवार ने अपने बेटे को वापस भारत लाने की मांग की है। अजय की मां सुनीता ने कहा कि जूली के साथ उसकी 10-12 साल की बेटी भी थी, और तीन महीने पहले वे लोग घर में रखे कुछ गहने भी साथ ले गए।
अजय ने अपनी तस्वीर भेजी
रिपोर्टों के मुताबिक सुनीता ने बताया कि 15 दिन बाद उसके बेटे ने फोन किया और कहा कि जूली बॉर्डर पर कुछ रुपये खर्च कर मुझे बांग्लादेश ले आई है। पंद्रह दिन बाद वह आ जाएगा। इसके बाद से अजय का परिवार से कोई संपर्क नहीं आया है। अब वहां एक नंबर से अजय ने अपनी तस्वीर भेजी है। जिसमें वह लहूलुहान हालत में दिखा है। उसने मदद की गुहार लगाई है।
