School Closed due to Monsoon Rains: मॉनसूनी बारिश के बाद देश के विभिन्न हिस्सों में आई बाढ़ ने बच्चों की पढ़ाई के लिए भी मुसीबत बढ़ाई है। ऐसा इसलिए क्योंकि ऐहतियाती तौर पर विभिन्न राज्यों में स्थानीय प्रशासन ने स्कूलों को बंद करने का फैसला लिया है। चूंकि, हालिया आसमानी आफत के बीच सड़कें जलमग्न हैं और पहाड़ दरकते नजर आए। इसी बीच, स्कूलों के आसपास और अंदर भी पानी भर गया। ऐसे में बच्चों और उनके अभिभावकों को परेशानी का सामना न करना पड़े लिहाजा स्कूलों को बंद करने का फैसला लिया गया। आइए, जानते हैं कि कहां-कहां स्कूलों पर असर पड़ा:
School Closed due to Monsoon Rains: तस्वीर का इस्तेमाल सिर्फ प्रस्तुतिकरण के लिए किया गया है। (क्रिएटिवः अभिषेक गुप्ता)
दिल्ली
सोमवार (10 जुलाई, 2023) को दिल्ली के साथ राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) के शहरों गुरुग्राम और नोएडा के सभी स्कूल भारी बारिश के मद्देनजर बंद रहे। दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा था कि राष्ट्रीय राजधानी के स्कूलों के प्रमुखों को एक नोटिस भेजा गया, जिसमें कहा गया कि सभी सरकारी और निजी स्कूल सोमवार को छात्रों के लिए बंद रहेंगे। हालांकि, शिक्षकों को स्कूल आने का निर्देश दिया गया।
नोएडा
यूपी के नोएडा और ग्रेटर नोएडा में भी सोमवार को स्कूल बंद रहे। गौतमबुद्ध नगर के जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने ट्वीट किया था, ‘‘जिले में भारी बारिश को ध्यान में रखते हुए 10 जुलाई को जिले के सभी स्कूलों में कक्षा 1 से 12वीं तक की कक्षाएं बंद रहेंगी।’’
गुरुग्राम
जिलाधिकारी और जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष निशांत कुमार यादव ने एक आदेश में कहा था, ‘‘व्यापक जनहित में और छात्रों की सुरक्षा के लिए गुरुग्राम जिले में सभी सरकारी और निजी विद्यालयों (प्ले स्कूल सहित) को 10 जुलाई, सोमवार को बंद रखने का निर्देश दिया जाता है।’’
गाजियाबाद (यूपी)
दिल्ली से सटे यूपी के गाजियाबाद में भारी बारिश और कांवड़ यात्रा को ध्यान में रखते हुए जिले के सभी स्कूल-कॉलेज 15 जुलाई, 2023 तक के लिए बंद कर दिए गए। नगर मजिस्ट्रेट शुभांगी शुक्ला ने इस बारे में समाचार एजेंसी पीटीआई को बताया कि बारिश के चलते जिले के सभी स्कूल और कॉलेज सोमवार और मंगलवार को बंद किए गए और उसके बाद कांवड़ यात्रा के मद्देनजर इन्हें आगामी 15 जुलाई तक बंद रखा जाएगा। 16 जुलाई को रविवार की छुट्टी के बाद 17 जुलाई से स्कूल-कॉलेज दोबारा खोले जाएंगे।
