पीएम मोदी से सीएम योगी तक, संविधान दिवस पर नेताओं ने बाबा साहेब के आदर्शों को याद कर देशवासियों को दी शुभकामनाएं

संविधान दिवस पर पीएम नरेंद्र मोदी, यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। इन नेताओं ने अपने संदेश में बाबा साहेब को नमन कर संविधान के आदर्शों को अपनाने की अपील की।

Samvidhan Divas: देशभर में आज संविधान दिवस मनाया जा रहा है। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। दोनों नेताओं ने संविधान बनाने वाले महान लोगों को याद किया और बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर को नमन किया। उन्होंने लोगों से संविधान में बताए गए आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने और देश के लोकतंत्र को मजबूत बनाने की अपील की।

Pm Modi Wished on samvidhaan divas

संविधान दिवस के मौके पर पीएम मोदी ने समस्त देशवासियों को दी बधाई (Times Now Navbharat)

टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: लखनऊ में आज अपनी ताकत दिखाएंगे ओवैसी-आजाद

पीएम मोदी ने बाबा साहेब के आदर्शों को किया याद

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Modi) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर सभी देशवासियों को संविधान दिवस की बधाई दी। उन्होंने अपने संदेश में कहा कि इस खास मौके पर पूज्य बाबा साहेब और संविधान सभा के सभी महान सदस्यों को नमन करता हूं। उन्होंने कहा कि संविधान के रूप में इन महान लोगों ने देश को एक अनमोल धरोहर दी है। पीएम मोदी ने आगे कहा कि भारतीय संविधान हमारे लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत है। यह हमें देश को आगे बढ़ाने और विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने का रास्ता दिखाता रहेगा। उन्होंने अपने अंग्रेजी संदेश में भी कहा कि संविधान दिवस उन लोगों को याद करने का अवसर है, जिन्होंने देश का संविधान बनाया। साथ ही यह दिन हमें संविधान में दिए गए मूल्यों को मजबूत करने का संकल्प लेने की प्रेरणा देता है। प्रधानमंत्री ने अपने पोस्ट में संस्कृत की एक पंक्ति भी साझा की। इसका भाव है कि विद्वानों द्वारा अच्छी तरह सोच-विचार कर बनाए गए सिद्धांत और नीतियां लंबे समय तक अपना महत्व बनाए रखते हैं।

सीएम योगी ने भी दी संविधान दिवस की शुभकामनाएं

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (Yogi Adityanath) ने भी संविधान दिवस के मौके पर प्रदेशवासियों को बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने एक्स पर पोस्ट कर कहा कि भारत का संविधान 'एक भारत-श्रेष्ठ भारत' के संकल्प को मजबूत आधार देता है। सीएम योगी ने अपने संदेश में लोगों से बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर द्वारा बनाए गए संविधान में शामिल आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि संविधान में हर नागरिक को न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता का संदेश दिया गया है। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि इन मूल्यों को अपनाकर देश की एकता और अखंडता को मजबूत बनाया जा सकता है। साथ ही इससे लोकतांत्रिक व्यवस्था और भी मजबूत होगी। उन्होंने लोगों से संविधान के आदर्शों के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझने और देश के विकास में योगदान देने का संकल्प लेने को कहा।

संविधान दिवस पर खरगे ने देशवासियों को दी शुभकामनाएं

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने संविधान दिवस के मौके पर देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के विचारों को याद करते हुए कहा कि राजनीतिक लोकतंत्र के लिए सामाजिक लोकतंत्र जरूरी है। खरगे ने महात्मा गांधी, जवाहरलाल नेहरू, सरदार पटेल, नेताजी सुभाष चंद्र बोस और बाबा साहेब समेत कई महान नेताओं को नमन किया। उन्होंने कहा कि संविधान के न्याय, स्वतंत्रता, समानता, बंधुता, धर्मनिरपेक्षता और समाजवाद जैसे मूल आदर्शों की रक्षा करना हमारी जिम्मेदारी है। खरगे ने देश की एकता, अखंडता और सद्भाव बनाए रखने के साथ संविधान और लोकतंत्र की रक्षा का संकल्प लेने की अपील की।

क्यों मनाया जाता है संविधान दिवस?

भारत में हर साल 26 नवंबर को संविधान दिवस मनाया जाता है। इसी दिन 1949 में संविधान सभा ने भारतीय संविधान को अपनाया था। हालांकि, इसे 26 जनवरी 1950 को पूरे देश में लागू किया गया। इसी दिन को गणतंत्र दिवस के रूप में मनाया जाता है। संविधान दिवस मनाने का उद्देश्य लोगों को संविधान के महत्व, उसमें दिए गए अधिकारों और नागरिकों के कर्तव्यों के बारे में जागरूक करना है। यह दिन हमें याद दिलाता है कि भारत का संविधान देश के लोकतंत्र और एकता की मजबूत नींव है।

End Article
पंकज यादवauthor

पंकज यादव टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में वायरल और ट्रेंडिंग कंटेंट तैयार करत...

End of Feed