Sam Pitroda: कांग्रेस की संसदीय दल की नेता सोनिया गांधी की किताब 'बिलॉन्गिंग द जर्नी ऑफ लव' पर उठे विवाद के बीच इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के अध्यक्ष सैम पित्रोदा ने प्रतिक्रिया दी है। टाइम्स नाउ नवभारत की संवाददाता रंजीता झा के साथ खास बातचीत में उन्होंने इस किताब पर अपनी राय रखी। साथ ही उन्होंने आपातकाल, इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीन (EVM) और नेताओं के मंदिर जाने पर भी बयान दिया। कांग्रेस नेता ने कहा कि सोनिया गांधी को जो सच लगा उन बातों को उन्होंने अपनी किताब में लिखा। किताब को लेकर किसी तरह का विवाद पैदा करने की जरूरत नहीं है। यदि किसी को इससे दिक्कत है तो वह अपनी किताब लिख सकता है।
इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के अध्यक्ष सैम पित्रोदा।
सोनिया को जो लगा, किताब में उन्होंने लिखा-पित्रोदा
पित्रोदा ने कहा कि '10 साल पहले मैंने भी एक किताब लिखी। मुझे पता है कि ऐसी किताब लिखना सरल नहीं है। आप लिखेंगे तो लोग सवाल उठाएंगे। वे कहेंगे कि आपने ये नहीं लिखा, ऐसे नहीं लिखा, इसके बारे में नहीं लिखा। आप सभी को खुश नहीं कर सकते। किताब में आप सब कुछ शामिल नहीं कर सकते। ये आपकी किताब है, आपको जो सत्य लगा उसे आपने लिखा। इसमें इतना विवाद करने की जरूरत नहीं है।'
इस सवाल पर कि किताब में आपातकाल के लिए संजय गांधी को जिम्मेदार ठहराया गया है और इसे लेकर भाजपा, सोनिया गांधी पर हमलावर है। कांग्रेस नेता ने कहा कि 'सोनिया गांधी को ऐसा लगा तो उन्होंने लिखा। आपको यह अच्छा नहीं लग रहा है, तो आप अपनी किताब लिखिए। किताब लिखना उनका विशेषाधिकार है।'
'आप ईवीएम को 100 साल नहीं चला सकते'
'वोट चोरी', ज्ञानेश कुमार, ECI.net पर उठ रहे सवालों पर पित्रोदा ने कहा कि 'साढ़े-चार पांच सालों से मैं अपने इंटरव्यू में कहता आ रहा हूं कि इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीन और उसका प्रॉसेस, केवल हार्ड वेयर ही नहीं, उसका सॉफ्ट वेयर, स्टोरेज, लॉजिस्टिक, शिपिंग, मॉडिफाइंग, स्टॉलिंग, प्लगिंग ये सभी आज फूलप्रुफ नहीं हैं। हमने जो EVM बनाया था वह आज के टूल्स और टेक्नॉलजी के साथ ठीक नहीं बैठता है। आज से 25 साल पहले उस समय इतनी सॉफ्टवेयर टेक्नॉलजी और आरएफ टूल्स नहीं थे। इलेक्ट्रॉनिक्स की दुनिया में कोई भी चीज 25 साल तक परफेक्ट नहीं रह सकती। आप इस ईवीएम को अगले 100 साल तक नहीं चला सकते। मैं कह रहा हूं कि ईवीएम को लेकर विश्वास में कमी आई है।'
नेताओं के मंदिर जाने पर उठाए सवाल
नेताओं के मंदिर जाने पर सवाल उठाते हुए कांग्रेस नेता ने कहा कि 'इन दिनों मैं बहुत सारे नेताओं को देखता हूं कि वे मंदिर जाते रहते हैं। मंदिरों में घूमना उनका काम नहीं है। हर समय मंदिर जाने के लिए हमने उन्हें नहीं चुना था। मंदिर जाना व्यक्तिगत मामला है। आप एक व्यक्ति के रूप में मंदिर जाइए, इसमें कोई दिक्कत नहीं है लेकिन आप सरकारी खर्चे पर मंदिर मत जाइए। व्यक्तिगत रूप में मंदिर जाना, भगवान का दर्शन करना आपका विशेषाधिकार है। लोगों ने आपको देश का काम करने के लिए चुना है। इसका मतलब यह नहीं है कि मैं धर्म के खिलाफ हूं। मेरी पत्नी हर रोज दो घंटे पूजा करती हैं लेकिन मेरा इसमें विश्वास नहीं है, फिर भी हम साथ रहते हैं। हम 60 सालों से साथ हैं, यह उनका निजी मामला है।'
