'समुद्र में जहाजों और नाविकों पर हमले बर्दाश्त नहीं', जयशंकर ने दुनिया को दिया कड़ा संदेश

जयशंकर ने कहा कि हिंद महासागर क्षेत्र के सामने समुद्री सुरक्षा के अलावा आतंकवाद, नशीले पदार्थों की तस्करी और अवैध मछली पकड़ने जैसी कई चुनौतियां हैं। इनसे निपटने के लिए सदस्य देशों को अपनी क्षमताएं मजबूत करने के साथ साझेदार देशों के साथ सहयोग भी बढ़ाना होगा।

पश्चिम एशिया में तनाव और रूस यूक्रेन में जारी जंग के बीच समुद्री जहाजों और नाविकों पर हमले के मामलों में बढ़ोतरी आई है। इन हमलों को देखते हुए विदेश मंत्री एस जयशंकर ने दुनिया को आगाह किया है। उन्होंने कहा कि समुद्री जहाजों और उन पर काम करने वाले नाविकों को निशाना बनाना बिल्कुल अस्वीकार्य है। ऐसी घटनाओं से निपटने के लिए पूरी दुनिया को मिलकर जवाब देना होगा। वे शुक्रवार को नई दिल्ली में आयोजित हिंद महासागर क्षेत्रीय संगठन (IORA) के मंत्रिस्तरीय सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।

IORA बैठक में जयशंकर

IORA बैठक में जयशंकर

भारत फिलहाल इस संगठन की अध्यक्षता कर रहा है। इस बैठक में क्षेत्र के 23 सदस्य देशों के प्रतिनिधियों के अलावा अमेरिका, यूरोपीय संघ और अन्य संवाद साझेदारों ने भी हिस्सा लिया।

समुद्री कानून का पालन करना जरूरी

विदेश मंत्री ने अपने संबोधन में समुद्री क्षेत्र में बढ़ते तनाव और वैश्विक स्तर पर बदलते भू-राजनीतिक हालात का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय समुद्री व्यापार दुनिया की आर्थिक प्रगति के लिए बेहद अहम है। इसलिए समुद्री मार्गों की सुरक्षा सुनिश्चित करना सभी देशों की साझा जिम्मेदारी है। जयशंकर ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय कानूनों, विशेष रूप से समुद्र के कानून पर संयुक्त राष्ट्र अभिसमय का सम्मान किया जाना चाहिए। उन्होंने समुद्री जहाजों और नाविकों पर होने वाले हमलों को पूरी तरह अस्वीकार्य बताते हुए इनके खिलाफ वैश्विक स्तर पर सामूहिक प्रतिक्रिया की जरूरत बताई। उनकी यह टिप्पणी पश्चिम एशिया और काला सागर क्षेत्र में व्यापारिक जहाजों पर हो रहे हमलों के बीच आई है। इन घटनाओं में भारतीय नाविकों की भी मौत हुई है।

आतंकवाद और नशीले पदार्थों की तस्करी पर भी चिंता

जयशंकर ने कहा कि हिंद महासागर क्षेत्र के सामने समुद्री सुरक्षा के अलावा आतंकवाद, नशीले पदार्थों की तस्करी और अवैध मछली पकड़ने जैसी कई चुनौतियां हैं। इनसे निपटने के लिए सदस्य देशों को अपनी क्षमताएं मजबूत करने के साथ साझेदार देशों के साथ सहयोग भी बढ़ाना होगा।

उन्होंने कहा कि जलवायु संबंधी घटनाओं और प्राकृतिक आपदाओं से निपटने के लिए भी क्षेत्रीय सहयोग जरूरी है। हिंद महासागर के सभी तटीय देशों को अपने लोगों के बेहतर भविष्य के लिए सार्थक सहयोग करना चाहिए।

हिंद महासागर में भारत का विजन MAHASAGAR

विदेश मंत्री ने कहा कि IORA को बदलती वैश्विक परिस्थितियों के अनुरूप अपनी भूमिका मजबूत करनी होगी। संगठन को सदस्य देशों की सामूहिक आवाज बुलंद करने और क्षेत्रीय सहयोग के प्रभावी मंच के रूप में अपनी स्थिति मजबूत करने की जरूरत है। उन्होंने बताया कि IORA के प्रति भारत का दृष्टिकोण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन MAHASAGAR से निर्देशित है। इसका पूरा नाम 'Mutual and Holistic Advancement for Security and Growth Across Regions' है। प्रधानमंत्री मोदी ने मार्च 2025 में मॉरीशस यात्रा के दौरान इस विजन की घोषणा की थी।

भारत ने IORA की अध्यक्षता के लिए 'इनोवेशन, ओपननेस, रेजिलिएंस और अडैप्टेबिलिटी' यानी नवाचार, खुलेपन, मजबूती और अनुकूलन क्षमता को अपना विषय बनाया है। जयशंकर ने कहा कि संगठन को बदलते क्षेत्रीय और वैश्विक माहौल के अनुरूप खुद को तैयार करना होगा और सदस्य देशों को ठोस लाभ पहुंचाने पर ध्यान देना होगा।

अमेरिका ने भी समुद्री मार्गों की आजादी पर दिया जोर

सम्मेलन में भारत के अलावा अमेरिका ने भी समुद्री सुरक्षा को लेकर अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने कहा कि अमेरिका नौवहन की स्वतंत्रता और समुद्री सुरक्षा में सहयोग के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने ऊर्जा, बुनियादी ढांचे और महत्वपूर्ण खनिजों के क्षेत्र में सहयोग का भी जिक्र किया। गोर ने कहा कि खुले समुद्री मार्ग वैश्विक व्यापार और आर्थिक समृद्धि के लिए बेहद जरूरी हैं।

End Article
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं।...

End of Feed