Delhi Protest: तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने शनिवार को युवाओं की राजनीति में ज्यादा से ज्यादा भागीदारी को लेकर वकालत की। उन्होंने केंद्र सरकार से नीट आंदोलन में शामिल छात्रों के खिलाफ दर्ज मामलों को तत्काल वापस लेने का आग्रह किया। साथ ही, उन्होंने चुनाव लड़ने की न्यूनतम उम्र को घटाकर 21 साल करने के लिए विधानसभा का विशेष सत्र बुलाने की घोषणा की।
तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी (फोटो साभार: @revanth_anumula)
मुख्यमंत्री रेड्डी ने युवा और छात्र नेताओं को संबोधित करते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे को लंबे समय तक चले लोकतांत्रिक आंदोलन की ताकत का प्रमाण बताया। उन्होंने कहा कि लड़ाई अभी खत्म नहीं हुई है।
उन्होंने कहा कि सरकार का जनता के दबाव के आगे झुकना युवा आंदोलन की ताकत को दर्शाता है, लेकिन लड़ाई अभी खत्म नहीं हुई है। आंदोलन में शामिल हजारों छात्र अभी भी कानूनी मामलों का सामना कर रहे हैं। उन्होंने केंद्र से इन मामलों को तत्काल और बिना किसी शर्त के वापस लेने की मांग की।
प्रभावित परिवारों के लिए मुआवजे की मांग
रेवंत रेड्डी ने बार-बार होने वाली परीक्षा संबंधी अनियमितताओं के कारण होने वाली मौतों पर भी चिंता जताई। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र के शीर्ष नेतृत्व ने उन परिवारों से मुलाकात नहीं की, जिन्होंने परीक्षा से जुड़े तनाव के कारण अपने बच्चों को खो दिया।
उन्होंने कांग्रेस नेताओं राहुल गांधी और केसी वेणुगोपाल से संसद में इन परिवारों के लिए सरकार की ओर से आर्थिक मुआवजे की मांग मजबूती से उठाने की अपील की।
चुनावी उम्र घटाने की मांग
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: 'हम जल्द नए शिक्षा मंत्री से करेंगे मुलाकात', पुलिस कमिश्नर से मिलने के बाद CJP प्रतिनिधियों का आया बयान
रेवंत रेड्डी ने कहा कि तेलंगाना सरकार अगस्त की शुरुआत में विधानसभा का विशेष सत्र बुलाएगी, ताकि एक ऐतिहासिक संवैधानिक सुधार की मांग करने वाला प्रस्ताव पारित किया जा सके। उन्होंने कहा, ''अगर 21 साल की उम्र में कोई युवा आईएएस, आईपीएस और आईएफएस अधिकारी बन सकता है, महापौर या स्थानीय निकाय का प्रतिनिधि बन सकता है, तो उसे विधायक या सांसद का चुनाव लड़ने से क्यों रोका जाना चाहिए?
उन्होंने कहा कि देश के युवाओं को सीधे विधायक, सांसद और मंत्री बनने का अवसर मिलना चाहिए। मुख्यमंत्री ने ब्रिटेन, जर्मनी और सिंगापुर जैसे देशों का उदाहरण देते हुए कहा, ''वह इंडिया गठबंधन के नेताओं के साथ चुनावी उम्र 25 से घटाकर 21 साल करने को लेकर व्यापक सहमति बनाने के लिए पैरावी करेंगे।''
