मई में ऑपरेशन सिंदूर के दौरान डल झील में फटे एक गोले के अवशेष जलाशय में सफाई अभियान के दौरान मिले हैं। शनिवार को सफाई अभियान के दौरान, झील संरक्षण एवं प्रबंधन प्राधिकरण के अधिकारियों को गोले के अवशेष मिले। उन्होंने बताया कि अवशेषों को निकटतम पुलिस स्टेशन ले जाया गया है, जहां उन्हें आगे की जांच और आवश्यक कार्रवाई के लिए रखा गया है।
डल झील में मिले गोले के अवशेष (PTI)
श्रीनगर पर हुए थे ड्रोन हमले
10 मई की सुबह, शहर में तेज धमाकों के बाद श्रीनगर के एक प्रमुख पर्यटक आकर्षण डल झील की गहराई में एक मिसाइल जैसी चीज आकर गिरी थी। अधिकारियों ने बताया कि जब वस्तु गिरी तो झील की सतह से धुआं उठ रहा था। सुरक्षा बलों ने मलबा बाहर निकाला। उसी दिन, शहर के बाहरी इलाके लासजान से एक और संदिग्ध वस्तु बरामद की गई। 10 मई को श्रीनगर में कई विस्फोटों की आवाज़ सुनी गई थी।
सेना का ऑपरेशन सिंदूर
ऑपरेशन सिंदूर, 22 अप्रैल को पहलगाम हमले के बाद पाकिस्तान को भारत की सैन्य प्रतिक्रिया थी, जिसमें 26 लोगों की जान चली गई थी। इसके बाद आतंकियों के खिलाफ भारतीय सेना ने सैन्य अभियान को अंजाम दिया था। भारत ने ऑपरेशन सिंदूर चलाकर पाकिस्तान और पीओके मे 9 आतंकी ठिकानों पर मिसाइल से हमला कर कई आतंकियों को ढेर कर दिया था। तब ऑपरेशन सिंदूर से बौखलाकर पाकिस्तान ने भारत पर 100 से ज्यादा ड्रोनों से हमला कर दिया था। भारत ने पाकिस्तान के सभी ड्रोन को नष्ट कर दिया था।
ऑपरेशन सिंदूर के दौरान ही भारत ने पाकिस्तान की हिमाकत का जवाब देते हुए उसके कई मिलिटरी बेस को भी मिसाइल से निशाना बनाया था। जब पाकिस्तान ने भारत के सैन्य ठिकानों को निशाना बनाने को कोशिश की तो भारतीय सेना ने करारा जवाब देते हुए उसके कई एयरबेस पर मिसाइल हमले से तबाह कर दिए थे। भारत की लगातार कार्रवाई ने पाकिस्तान को घुटने टेकने पर मजबूर कर दिया और अंत में उसने सीजफायर की गुहार लगाई जिसके बाद संघर्ष खत्म हो गया। लेकिन भारत ने साफ कर दिया कि ऑपरेशन सिंदूर अभी खत्म नहीं हुआ है, बल्कि रोका गया है।
