Rajnath Singh : रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शुक्रवार को लाइट कॉम्बैट एयरक्राफ्ट (LCA) तेजस मार्क 1ए की तीसरी और हिंदुस्तान टर्बो ट्रेनर-40 (HTT-40) की दूसरी उत्पादन पंक्ति का उद्घाटन किया। इन दोनों उत्पादन पंक्तियों का उद्घाटन नासिक स्थित हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (HAL) के संयंत्र में हुआ। इसके अलावा उन्होंने संयंत्र में बनकर तैयार पहले एलसीए मार्क 1ए को हरी झंडी दिखाई।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह। तस्वीर-ANI
रक्षा उत्पादन को 100 प्रतिशत तक ले जाएंगे-रक्षा मंत्री
इस मौके पर रक्षा मंत्री ने कहा कि भारत घरेलू रक्षा उत्पादन को 100 प्रतिशत तक ले जाने की दिशा में काम कर रहा है क्योंकि विदेशी सैन्य आपूर्ति पर निर्भरता ‘सामरिक कमजोरी’ पैदा करती है। सिंह ने तेजस हल्के लड़ाकू विमान (एलसीए)-एमके1ए की तीसरी उत्पादन पंक्ति और प्रशिक्षण विमान एचटीटी-40 की दूसरी विनिर्माण सुविधा का उद्घाटन करने के बाद यह बात कही।
कम से कम 24 एलसीए विमान मिलेंगे
तेजस विमानों के लिए नई सुविधा के खुलने से ‘हिंदुस्तान एरोनॉटिक्स लिमिटेड’ (एचएएल) द्वारा कम से कम 24 एलसीए विमानों का उत्पादन किए जाने की उम्मीद है। सिंह ने अपने संबोधन में कहा, ‘एक समय था जब देश अपनी रक्षा जरूरतों को पूरा करने के लिए दूसरे देशों पर निर्भर था और लगभग 65-70 प्रतिशत रक्षा उपकरण आयात किए जाते थे।’ उन्होंने कहा, ‘लेकिन आज स्थिति बदल गई है। अब भारत 65 प्रतिशत विनिर्माण अपनी धरती पर कर रहा है।’
रक्षा निर्यात 25,000 करोड़ रुपये के रिकॉर्ड स्तर पर
उन्होंने कहा, ‘हम अपने घरेलू विनिर्माण को बहुत जल्द 100 प्रतिशत तक भी ले जाएंगे।’ सिंह ने कहा कि भारत का रक्षा निर्यात 25,000 करोड़ रुपये के रिकॉर्ड स्तर तक पहुंच गया है जो कुछ साल पहले 1,000 करोड़ रुपये से भी कम था। उन्होंने कहा, ‘हमने 2029 तक घरेलू रक्षा विनिर्माण में तीन लाख करोड़ रुपये और रक्षा निर्यात में 50,000 करोड़ रुपये हासिल करने का लक्ष्य रखा है।’
