पाकिस्तान को राजनाथ सिंह की दो टूक- PoK भारत का हिस्सा है, था और रहेगा, दावा करने से कुछ हासिल नहीं होगा

  • Authored by: रामानुज सिंह
  • Updated Jun 26, 2023, 04:32 PM IST

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह (Rajnath Singh) ने जम्मू-कश्मीर पर विशेष ध्यान देने के साथ देश के रक्षा तंत्र के आंतरिक और बाहरी आयामों पर जम्मू विश्वविद्यालय में आयोजित एक सुरक्षा सम्मेलन में कहा कि पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) भारत का हिस्सा है, था और रहेगा।

जम्मू (जम्मू और कश्मीर): रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह (Rajnath Singh) ने सोमवार को जम्मू में कहा कि पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) भारत का हिस्सा था, है और रहेगा। साथ ही उन्होंने कहा कि पीओके पर बार-बार दावा करके पाकिस्तान सरकार को कुछ हासिल नहीं होगा। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि पाकिस्तान ने पीओके (Pakistan Occupied Kashmir) पर अवैध कब्जा कर रखा है। इस पर पाकिस्तान का अधिकार नहीं बनता। सिंह ने कहा कि भारत की संसद में पीओके को लेकर एक सर्वसम्मत प्रस्ताव पारित किया गया है कि यह भारत का ही हिस्सा है। इस आशय के एक नहीं बल्कि कम से कम तीन प्रस्ताव संसद में पारित हो चुके हैं। रक्षा मंत्री जम्मू-कश्मीर पर विशेष ध्यान देने के साथ देश के रक्षा तंत्र के आंतरिक और बाहरी आयामों पर जम्मू विश्वविद्यालय में आयोजित एक सुरक्षा सम्मेलन को संबोधित करते हुए यह बात कही।

Rajnath Singh Attacks on Pakistan

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने पाकिस्तान पर जोरदार हमला किया।

भारत में शामिल होना चाहते हैं पीओके के लोग

राजनाथ सिंह ने कहा कि जम्मू-कश्मीर का एक बड़ा हिस्सा पाकिस्तान के कब्जे में है। पीओके के लोग देख रहे हैं कि जम्मू-कश्मीर में शांति से अपना जीवन जी रहे हैं। पीओके में रहने वाले लोगों को बहुत पीड़ा से गुजरना पड़ रहा है और वे भारत के साथ जाने की मांग उठाएंगे। जम्मू-कश्मीर में अनुच्छेद 370 को निरस्त करने पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि बीजेपी ने अनुच्छेद को निरस्त कर दिया और जम्मू-कश्मीर के लोगों के साथ न्याय किया, जिनके साथ दशकों से अन्याय हो रहा था। उन्होंने कहा कि अनुच्छेद 370 और 35ए के कारण जम्मू-कश्मीर के आम लोगों को लंबे समय तक देश की मुख्यधारा से दूर रखा गया। यह किसी भी राष्ट्र विरोधी ताकत के खिलाफ कार्रवाई करने में बाधा थी।

End of Feed