PM Modi Birthday: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 76वां जन्मदिन है। देश-विदेश से उन्हें बधाइयों का सिलसिला जारी है। पीएम मोदी के जन्मदिन पर बीजेपी गुरुवार से सेवा संकल्प अभियान की शुरुआत करेगी। पहले दिन रक्तदान शिविर, यज्ञ, वरिष्ठ नागरिकों व दिव्यांगजनों के साथ ही कर्तव्य पथ व अन्य स्थानों पर आशीर्वाद का दीया कार्यक्रम आयोजित होगा। भाजपा मुख्यालय में राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन रक्तदान शिविर का उद्घाटन करेंगे। प्रधानमंत्री मोदी का जन्म 17 सितंबर, 1950 को गुजरात के छोटे से शहर वड़नगर में हुआ था। इसी अवसर पर पीएम मोदी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाओं का दौर जारी है और तमाम बड़े नेताओं ने उनके दीर्घायु होने की कामना की है।
नरेंद्र मोदी का जन्मदिन
वाराणसी में सुबह से हवन पूजन का दौर जारी
पीएम नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर उनके संसदीय क्षेत्र वाराणसी में सुबह से हवन पूजन का दौर जारी है। वाराणसी के भैंसासुर घाट पर मोदी समर्थकों ने मां गंगा की आरती उतारी और दुग्धाभिषेक किया और पीएम नरेंद्र मोदी की लंबी आयु की कामना की। लोगों का कहना था कि नरेंद्र मोदी 76 साल की उम्र में भी अनवरत रूप से देश सेवा में जुटे हैं। इससे हर काशीवासी को प्रेरणा मिलती है। काशी के विकास के लिए मोदी ने जो किया है, वो इतिहास के पन्नों में दर्ज हो गया है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने प्रधानमंत्री मोदी को जन्मदिन की बधाई दी
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को उनके 76वें जन्मदिन पर बधाई दी और उन्हें सुशासन में नए मानदंड स्थापित करने और समावेशी विकास को अभूतपूर्व गति और नई दिशा प्रदान करने का श्रेय दिया। राष्ट्रपति ने हिंदी में एक पोस्ट में कहा- प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं और ढेर सारी बधाई। पिछले 25 वर्षों में, मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में आपके कार्यकाल के दौरान, आपने सुशासन के कई नए मानदंड स्थापित किए हैं और समावेशी विकास को अभूतपूर्व गति और नई दिशा प्रदान की है। सांस्कृतिक गौरव के साथ आधुनिक प्रगति के पथ पर अग्रसर होते हुए, हमारे देशवासी विरासत और विकास के बीच सामंजस्य को महसूस कर रहे हैं।
अमित शाह ने दी शुभकामनाएं
गृह मंत्री अमित शाह ने पीएम मोदी को बधाई देते हुए कहा, एक सामान्य स्वयंसेवक से मुख्यमंत्री और फिर देश के प्रधानमंत्री तक मोदी जी की यात्रा इस बात का प्रमाण है कि जब जीवन का लक्ष्य राष्ट्रसेवा हो, तो कठिन से कठिन संकल्प भी सिद्ध किए जा सकते हैं। उन्होंने सत्ता को साध्य नहीं, बल्कि गरीब कल्याण और राष्ट्र निर्माण का साधन मान कर कार्य किया। मेरे जैसे कार्यकर्ता सौभाग्यशाली हैं, जिन्हें उनकी हर भूमिका में उनके साथ काम करने का अवसर मिला। #HappyBdayPMModi
राजनाथ सिंह ने दी बधाई
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने पीएम मोदी को बधाई देते हुए एक्स पर लिखा- प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र जी को जन्मदिवस की बहुत-बहुत शुभकामनाएं। मोदी जी के नेतृत्व में भारत ‘विकसित भारत’ के लक्ष्य की ओर पूरे आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ रहा है। आधारभूत संरचना से लेकर डिजिटल कनेक्टिविटी तक, गरीब कल्याण से लेकर नवाचार और उद्यमिता तक, हमने हर क्षेत्र में ऐतिहासिक और उल्लेखनीय प्रगति की है। आज नागरिकों का जीवन अधिक सुगम हुआ है, अवसरों का विस्तार हुआ है और प्रत्येक नागरिक के लिए गरिमापूर्ण जीवन सुनिश्चित करने के लिए कार्य किया जा रहा है।
मोदी जी ने सुशासन और जनसेवा को देश की विकास यात्रा के केंद्र में रखते हुए प्रशासन को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और नागरिक-केंद्रित बनाया है। उनके नेतृत्व में भारत की सांस्कृतिक चेतना और विरासत को वैश्विक मंच पर नई पहचान और प्रतिष्ठा मिली है। मैं उनके उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु होने की महादेव से कामना करता हूं।
सीएम योगी का बधाई संदेश
145 करोड़ भारतीयों के जीवन में सुख, समृद्धि, सुरक्षा एवं स्वाभिमान का नवप्रभात लाने हेतु अविराम राष्ट्रयज्ञ में समर्पित, विश्व के सर्वाधिक लोकप्रिय राजनेता, 'एक भारत-श्रेष्ठ भारत' के स्वप्नद्रष्टा, 'नए भारत के शिल्पी' और हमारे मार्गदर्शक आदरणीय प्रधानमंत्री श्री @narendramodi जी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई।
‘Nation First’ के पावन संकल्प, कर्मनिष्ठा एवं लोक-कल्याण के प्रति आपका समर्पित जीवन 'विकसित भारत' के ध्येय को साकार करने का प्रेरणास्रोत है। आपके नेतृत्व में भारत आत्मनिर्भरता, सुशासन, सांस्कृतिक पुनर्जागरण तथा वैश्विक प्रतिष्ठा के नवीन कीर्तिमान स्थापित कर रहा है।
मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि आपको उत्तम स्वास्थ्य एवं सुदीर्घ व यशस्वी जीवन प्रदान करें।
नितिन नवीन ने प्रधानमंत्री मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं
भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन ने गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को उनके जन्मदिन पर शुभकामनाएं देते हुए उनके अच्छे स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना की और कहा कि उनके मार्गदर्शन में भारत विकास और आत्मनिर्भरता की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। 17 सितंबर 1950 को गुजरात के वड़नगर में जन्मे मोदी गुरुवार को 76 वर्ष के हो गए।
नितिन गडकरी का बधाई संदेश
वहीं नितिन गडकरी ने बधाई देते हुए कहा- राष्ट्र प्रथम की प्रेरणा के साथ देशवासियों के कल्याण हेतु विगत पांच दशकों से अधिक काल से अनवरत कार्य करने वाले विश्व के सबसे लोकप्रिय नेता हमारे प्रधानमंत्री श्री @narendramodi जी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। आपके नेतृत्व में देश से भय, भूख और भ्रष्टाचार पूरी तरह समाप्त हो, भारत आत्मनिर्भर बने व हम पुनः विश्व गुरू का स्थान प्राप्त करें यही शुभकामनाएं। ईश्वर से आपके उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की प्रार्थना करता हूं।
स्मृति ईरानी ने पीएम मोदी को बधाई दी
स्मृति ईरानी ने पीएम मोदी को बधाई देते हुए कहा- मां भारती की सेवा हेतु अहर्निश, अविराम और अथक रूप से राष्ट्रनिर्माण के लिए समर्पित, देश के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री @NarendraModi जी आपको जन्मदिन की अशेष-अनंत शुभकामनाएं। सार्वजनिक-राजनीतिक जीवन में 5 दशक से अधिक की आपकी यात्रा के माध्यम से 'सेवा, शुचिता और समन्वय' को आपने जिस प्रकार से साधा है, वह हम सभी के लिए प्रेरणाप्रद है। बीते 12 वर्षों में प्रधानमंत्री के रूप में वैश्विक पटल पर भारत के मानवर्धन के साथ-साथ हर वर्ग एवं प्रत्येक क्षेत्र में देश को सक्षम, श्रेष्ठ और सामर्थ्यवान बनाने हेतु आपने अनेकों संकल्पों को सिद्धि तक पहुंचाया है। आज इस विशेष दिन पर मां भगवती से आपके दीर्घायु, आरोग्यता एवं मंगलमय जीवन हेतु प्रार्थना करती हूँ।
