INDIA Bloc Rally: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने शुक्रवार को एक नवंबर को होने वाली रैली को लेकर नया वीडियो जारी किया। बकौल राहुल गांधी, 'INDIA' ब्लॉक मुख्य निर्वाचन आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार और वोट चोरी के खिलाफ एक नवंबर को दिल्ली में कनॉट प्लेस से रामलीला मैदान तक मार्च निकालेगा।
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी
राहुल गांधी ने नया वीडियो जारी कर देशवासियों से इस मार्च में शामिल होने की अपील की। उन्होंने कहा, ''एक नवंबर को दोपहर 12 बजे मार्च शुरू होगा। यह मिंटो रोड और कनॉट प्लेस के जंक्शन से शुरू होगा और रामलीला मैदान तक हम सब मिलकर चलेंगे।''
राहुल गांधी ने लोगों से बड़ी संख्या में 'इंडिया' ब्लॉक के इस मार्च में शामिल होने का आह्वान किया। विपक्षी गठबंधन ने इस मार्च को 'चलो दिल्ली' नाम दिया है। इस मार्च के बाद रामलीला मैदान में विपक्षी गठबंधन की रैली होगी।
राहुल ने अमित शाह पर लगाए गंभीर आरोप
इससे पहले, राहुल गांधी ने इंदिरा भवन में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए 'चलो दिल्ली' मार्च को लेकर जानकारी साझा की। साथ ही, उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर लोगों को दिल्ली मार्च में शामिल होने से रोकने का आरोप लगाया। राहुल गांधी ने कहा कि परसों रामलीला मैदान तक मार्च है। उन्होंने विपक्षी दलों के साथ-साथ राजनीतिक और गैर-राजनीतिक संगठनों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, सिविल सोसाइटी, पत्रकारों और आम लोगों से इसमें शामिल होने की अपील की।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: शशि थरूर ने लोगों से की INDIA ब्लॉक की रैली में शामिल होने की अपील, बोले- हम चुप नहीं रह सकते
उन्होंने कहा, ''दोनों कार्यक्रमों (चलो दिल्ली मार्च, रामलीला मैदान रैली) नरेंद्र मोदी, अमित शाह, ज्ञानेश कुमार और चुनाव आयोग में उनकी टीम द्वारा भारतीय लोकतंत्र को कथित रूप से कमजोर किए जाने के खिलाफ है।'' राहुल गांधी ने कहा कि गृह मंत्री लोगों को दिल्ली में आने से रोकने की पूरी कोशिश कर रहे हैं। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा, तेलंगाना और पंजाब से आने वाले कांग्रेस कार्यकर्ताओं और आम लोगों को भी रोका जा रहा है और वह अपनी पूरी कोशिश कर रहे हैं।
