विपक्ष में मतभेद जरूर, लेकिन वो BJP-RSS के खिलाफ एक साथ खड़ा होगा- राहुल गांधी का दावा, 20 दलों को कांग्रेस का न्योता

  • Agency by: Agency
  • Updated Jan 29, 2023, 10:49 PM IST

कांग्रेस सूत्रों का कहना है कि कांग्रेस की रैली में नेशनल कांफ्रेस, पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी, शिवसेना, द्रमुक और कुछ अन्य दलों के नेताओं अथवा प्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है। समाजवादी पार्टी, तृणमूल कांग्रेस और बहुजन समाज पार्टी जैसी पार्टियों के शामिल होने को लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई है।

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने विपक्ष में बिखराव की धारणा को खारिज करते हुए रविवार को कहा कि विपक्ष में मतभेद जरूर हैं, लेकिन वह भारतीय जनता पार्टी एवं राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के खिलाफ एक साथ खड़ा होगा और लड़ेगा। उन्होंने भारत जोड़ो यात्रा के समापन समारोह से जुड़ी उस रैली से एक दिन पहले यह टिप्पणी की, जिसमें कांग्रेस ने 20 से अधिक विपक्षी दलों को आमंत्रित करके विपक्षी एकजुटता का प्रयास किया है।

क्या कहा राहुल ने

राहुल गांधी ने भारत जोड़ो यात्रा के तहत पदयात्रा की समाप्ति के बाद संवाददाता सम्मेलन में यह भी कहा कि एक तरफ कांग्रेस का नजरिया है और दूसरी तरफ भाजपा और आरएसएस का अहंकार एवं नफरत का नजरिया है। यह भारत जोड़ो यात्रा के तहत राहुल गांधी का 13वां संवाददाता सम्मेलन था। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने विपक्षी एकजुटता से जुड़े सवाल पर कहा- "आप किस आधार पर कह रहे हैं कि विपक्ष बिखर चुका है। विपक्षी एकता बातचीत और एक दृष्टिकोण के बाद आती है। यह कहना सही नहीं है कि विपक्ष बिखरा हुआ है। मतभेद हैं... लेकिन विपक्ष साथ खड़ा होगा, लड़ेगा। यह विचारधारा की लड़ाई है। एक तरह भाजपा और आरएसएस की विचारधारा है, दूसरी तरफ गैर भाजपा और गैर आरएसएस ताकतें हैं।"

End of Feed