रमेश बिधूड़ी के अपशब्दों को लेकर हंगामा मचा हुआ है। रमेश बिधूड़ी ने जिस बसपा सांसद दानिश अली को अपशब्द कहे थे, उनसे मिलने अचानक से राहुल गांधी पहुंच गए। राहुल गांधी के साथ पार्टी नेता केसी वेणुगोपाल भी थे।
बसपा सांसद दानिश अली से मिले राहुल गांधी
ये भी पढ़ें- सिर्फ बिधूड़ी ही नहीं, विपक्ष के निशाने पर हर्षवर्धन और रवि शंकर प्रसाद भी, जयराम रमेश ने फोटो शेयर कर बोला हमला
क्या बोले राहुल गांधी
इस मुलाकात के बाद जब राहुल गांधी बाहर निकले तब उन्होंने मीडिया से कहा- 'नफरत के बाजार में मोहब्बत की दुकान।' इस मुलाकात के बाद कांग्रेस ने दानिश अली के साथ राहुल गांधी की फोटो को शेयर करते हुए लिखा- "BSP सांसद दानिश अली जी से मिलने उनके निवास पर पहुंचे राहुल गांधी। कल भरी संसद में BJP सांसद रमेश बिधूड़ी ने दानिश अली जी का अपमान किया था, उन्हें बेहद अमर्यादित और असंसदीय अपशब्द कहे थे। भाजपा के दो पूर्व मंत्री भद्दे ढंग से हंसते रहे। रमेश बिधूड़ी की यह शर्मनाक और ओछी हरकत सदन की गरिमा पर कलंक है। कांग्रेस देश भर के साथ लोकतंत्र के मंदिर में नफरत और घृणा की ऐसी मानसिकता के सख्त खिलाफ है।"
क्या बोले दानिश अली
वहीं कांग्रेस सांसद राहुल गांधी से मुलाकात के बाद बीएसपी सांसद दानिश अली ने कहा कि राहुल गांधी उनके अपना समर्थन देने आए थे। दानिश अली ने कहा- "वह मेरा मनोबल ऊंचा रखने और अपना समर्थन देने के लिए यहां आए हैं... उन्होंने कहा कि मैं अकेला नहीं हूं और जो भी लोग लोकतंत्र के साथ खड़े हैं, वे मेरे साथ खड़े हैं।"
'इस्तीफे पर विचार'
इससे पहले बसपा के सांसद दानिश अली ने शुक्रवार को कहा कि अगर लोकसभा के भीतर आपत्तिजनक टिप्पणियां करने के लिए भारतीय जनता पार्टी के सदस्य रमेश बिधूड़ी के खिलाफ कार्रवाई नहीं की जाती है, तो वह भारी मन से सदन की सदस्यता छोड़ने पर भी विचार कर सकते हैं।
