कांग्रेस नेता राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने सोमवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भारतीय जनता पार्टी के अन्य नेताओं पर अंग्रेजी के खिलाफ बोलने को लेकर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि स्कूलों में अंग्रेजी नहीं होने की बात करने वाले इन नेताओं के बच्चे अंग्रेजी माध्यम के स्कूलों में पढ़ते हैं।
भारत जोड़ो यात्रा के दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे और अशोक गहलोत
गहलोत सरकार की प्रशंसा
राजस्थान सरकार द्वारा 1,700 अंग्रेजी माध्यम स्कूल शुरू किए जाने पर राहुल गांधी ने गहलोत सरकार की जमकर प्रशंसा की। राहुल गांधी ने कहा कि बच्चों को हिंदी सहित हिंदुस्तान की सब भाषाएं पढ़नी चाहिए मगर बाकी दुनिया से बात करने में हिंदी काम नहीं आएगी, वहां अंग्रेजी काम आएगी। राहुल गांधी ने ये बातें भारत जोड़ो यात्रा के दौरान कही।
बीजेपी को घेरा
राहुल गांधी ने आगे बीजेपी पर हमला बोलते हुए कहा कि हमारे विपक्षी भाजपा के नेता जहां भी जाते हैं, अंग्रेजी के खिलाफ बात करते हैं। स्कूलों में अंग्रेजी नहीं होनी चाहिए, बंगाली होनी चाहिए, हिंदी होनी चाहिए लेकिन अंग्रेजी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा- "ये जो नेता कहते हैं कि अंग्रेजी नहीं होनी चाहिए, उनसे आप पूछिए कि आप बात तो अच्छी कर रहे हो, मगर आपका बेटा कौन से स्कूल में जाता है? क्या अंग्रेजी मीडियम स्कूल में जाता है? हां या ना, हां? इनके सारे के सारे बच्चे... अमित शाह से लेकर इनके सब मुख्यमंत्रियों के बच्चे, सब सांसदों व सब विधायकों के बच्चे...सारे के सारे इंग्लिश मीडियम स्कूल में जाते हैं और भाषण देते हैं कि अंग्रेजी किसी को नहीं बोलनी चाहिए।"
लगाया आरोप
कांग्रेस नेता ने बीजेपी पर आरोप लगाते हुए कहा-"ये नहीं चाहते हैं कि हिंदुस्तान का गरीब, किसान का बेटा, मजदूर का बेटा अंग्रेजी सीखे। इसका कारण है, क्योंकि वे चाहते हैं कि आप बड़े सपने नहीं देखो। आप खेत से ही न निकलो, आप मजदूरी से बाहर न निकलो। इसीलिए ये आपसे कहते हैं कि अंग्रेजी मत पढ़ो। मैं यह नहीं कह रहा कि हिंदी मत पढ़ो। जरूर पढ़नी चाहिए ... तमिल पढ़नी चाहिए, हिंदी पढ़नी चाहिए, मराठी पढ़नी चाहिए ... हिंदुस्तान की सब भाषाएं पढ़नी चाहिए। मगर अगर आप बाकी दुनिया से बात करना चाहते हो तो चाहे वह अमेरिका, जापान या ब्रिटेन हो तो वहां हिंदी काम नहीं आएगी। वहां अंग्रेजी ही काम आएगी।"
