नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के एक दावे पर अब हंगामा मचता दिख रहा है। राहुल गांधी ने कृषि कानूनों को लेकर भाजपा के दिवगंत नेता अरुण जेटली पर धमकाने का आरोप लगाया था, जिसके बाद अरुण जेटली के बेटे रोहन जेटली ने भी ‘एक्स’ पर पोस्ट कर गांधी की टिप्पणी की आलोचना की।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी, अरुण जेटली के बेटे रोहन जेटली, कांग्रेस सांसद रजनी पाटिल (फोटो- @rahulgandhi @ANI)
रोहन ने कहा कि राहुल गांधी अब दावा कर रहे हैं कि मेरे दिवंगत पिता अरुण जेटली ने उन्हें कृषि कानूनों को लेकर धमकाया था। मैं उन्हें याद दिला दूं कि मेरे पिता का देहांत 2019 में हुआ था। कृषि कानून 2020 में पेश किए गए थे। हालांकि राहुल गांधी के कार्यालय से जुड़े सूत्रों का कहना है कि नेता प्रतिपक्ष मोदी सरकार के भूमि अधिग्रहण संशोधन विधेयक का हवाला दे रहे थे जो ‘‘किसानों पर प्रतिकूल प्रभाव डाल सकता।’’
ये भी पढ़ें- किसकी सरकार ने PoK पर पाकिस्तान को कब्जा करने दिया? कांग्रेस के सवाल पर पीएम मोदी का जवाब
राहुल गांधी ने क्या
राहुल गांधी ने कहा- मुझे याद है जब मैं कृषि कानूनों के खिलाफ लड़ रहा था, तो अरुण जेटली को मुझे धमकाने के लिए भेजा गया था। उन्होंने कहा, 'अगर तुम इसी रास्ते पर चलते रहे, सरकार का विरोध करते रहे और कृषि कानूनों पर हमसे लड़ते रहे, तो हमें तुम्हारे खिलाफ कार्रवाई करनी पड़ेगी।' मैंने जवाब दिया, 'मुझे लगता है कि आपको पता नहीं है या आपको अंदाजा भी नहीं है कि आप किससे बात कर रहे हो। हम कांग्रेसी हैं, और हम कायर नहीं हैं। हम कभी झुकते नहीं; महाशक्ति अंग्रेज भी हमें झुका नहीं सके।"
रोहन जेटली ने क्या कहा
रोहन जेटली ने एक एक्स पोस्ट में कहा, "राहुल गांधी का दावा है कि मेरे दिवंगत पिता अरुण जेटली ने उन्हें कृषि कानूनों को लेकर धमकाया था। मैं उन्हें याद दिला दूं कि मेरे पिता का देहांत 2019 में हुआ था। कृषि कानून 2020 में पेश किए गए थे। इससे भी महत्वपूर्ण बात यह है कि मेरे पिता के स्वभाव में किसी को भी विरोधी विचार के लिए धमकाना नहीं था। वह एक कट्टर लोकतांत्रिक व्यक्ति थे, जो हमेशा आम सहमति बनाने में विश्वास करते थे। अगर कभी ऐसी कोई स्थिति आती भी, जैसा कि राजनीति में अक्सर होता है, तो वह परस्पर स्वीकार्य समाधान पर पहुंचने के लिए स्वतंत्र और खुली चर्चा का आह्वान करते थे। वह बस ऐसे ही थे और आज भी उनकी यही विरासत है।"
कांग्रेस सांसद ने याद दिलाया भूमि अधिग्रहण कानून
लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के बयान पर कांग्रेस सांसद रजनी पाटिल ने कहा, "राहुल गांधी भूमि अधिग्रहण कानून के बारे में बात कर रहे थे... अरुण जेटली के बारे में किसी ने गलत नहीं कहा, लेकिन राहुल गांधी ने उनके साथ हुई बातचीत के बारे में जो कहा, उसे तोड़-मरोड़ कर पेश करने की जरूरत नहीं है..."
