रसोई का बजट बिगाड़ेगा प्याज: बारिश से फसल खराब, दाम ₹100 तक पहुंचने की आशंका

Onion Price News: प्याज के दाम पिछले कुछ दिनों में तेजी से बढ़े हैं। थोक मंडियों में प्याज के भाव ₹45 प्रति किलो तक पहुंच चुके हैं। पिछले कुछ दिनों में प्याज की कीमतों में ₹15 से ₹20 प्रति किलो तक का उछाल हो चुका है।

Onion Price News: आम जनता की जेब पर एक बार फिर महंगाई की मार पड़ती दिख रही है। देश के प्रमुख थोक और खुदरा बाजारों में प्याज की कीमतों में अचानक तेज उछाल दर्ज किया गया है। पिछले कुछ ही दिनों के भीतर प्याज के दामों में ₹15 से ₹20 प्रति किलो तक की भारी बढ़ोतरी हुई है। यदि सप्लाई की स्थिति में जल्द सुधार नहीं हुआ, तो आने वाले दिनों में प्याज खुदरा बाजार में ₹80 से ₹100 प्रति किलो के आंकड़े को छू सकता है।

बारिश और नमी ने बिगाड़ा खेल

प्याज की कीमतों में आई इस अचानक तेजी के पीछे मुख्य वजह बेमौसम बारिश और नमी को माना जा रहा है। कई प्रमुख उत्पादक राज्यों में हाल ही में हुई बारिश के कारण खेतों में खड़ी प्याज की फसल को भारी नुकसान पहुंचा है। इसके अलावा, किसानों द्वारा किया गया पुराना प्याज का स्टॉक भी नमी की वजह से सड़ने लगा है।

सप्लाई में भारी कमी

बारिश के चलते प्याज की गुणवत्ता प्रभावित हुई है और मंडियों में अच्छी क्वालिटी वाले प्याज की सप्लाई काफी घट गई है। मांग और आपूर्ति के बीच बढ़ते इस अंतर का सीधा असर कीमतों पर दिखाई दे रहा है।

खुदरा बाजार में क्या हैं मौजूदा भाव?

वर्तमान में थोक मंडियों में प्याज का भाव ₹45 प्रति किलो तक पहुंच गया है। इसका सीधा असर खुदरा ग्राहकों पर पड़ रहा है। बाजारों में अच्छी क्वालिटी का प्याज फिलहाल ₹60 से ₹70 प्रति किलो तक बिक रहा है। व्यापारी वर्ग और बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि यदि मौसम इसी तरह खराब रहा और सप्लाई में सुधार नहीं हुआ, तो आम उपभोक्ताओं को बहुत जल्द ₹100 प्रति किलो तक प्याज खरीदना पड़ सकता है।

सप्लाई घटने और स्टॉक खराब होने से फिलहाल राहत मिलने के आसार कम ही नजर आ रहे हैं, जिससे मध्यमवर्गीय और गरीब परिवारों के रसोई का बजट बिगड़ना तय माना जा रहा है।

End Article
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभव...

End of Feed