मान सरकार में लगातार बढ़ रहा है पंजाब का GST कलेक्शन, 8 महीनों में 24.5% बढ़ा, हरपाल सिंह चीमा का दावा

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Dec 29, 2022, 07:27 PM IST

पंजाब के वित्त, योजना, आबकारी और कराधान मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार इस साल अप्रैल से नवंबर के महीनों के दौरान वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) से राजस्व वित्तीय वर्ष 2021-22 की इसी समय-सीमा के मुकाबले 24.5 प्रतिशत बढ़ा है।

चंडीगढ़ : पंजाब के वित्त, योजना, आबकारी और कराधान मंत्री एडवोकेट हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार के पहले आठ महीनों के दौरान कराधान विभाग ने पिछले साल के मुकाबले महीना-दर-महीना अपनी कारगुजारी में सुधार किया है। उन्होंने कहा कि इस साल अप्रैल से नवंबर के महीनों के दौरान वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) से राजस्व वित्तीय वर्ष 2021-22 की इसी समय-सीमा के मुकाबले 24.5 प्रतिशत बढ़ा है। वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2021- 22 के पहले आठ महीनों के दौरान जीएसटी से कुल राजस्व 9612.6 करोड़ रुपए था, जबकि इस साल अप्रैल से नवंबर महीने तक कुल जीएसटी कलेक्शन 11967.76 करोड़ रुपए रहा, जिससे 2355.6 करोड़ रुपए की वृद्धि दर्ज की गई है। उन्होंने कहा कि इसी दौरान विभाग द्वारा आम निरीक्षणों के द्वारा ईमानदार करदाताओं को परेशान करने की बजाय तकनीक के प्रयोग पर जोर दिया गया है।

Harpal Singh Cheema

पंजाब के वित्त, योजना, आबकारी और कराधान मंत्री हरपाल सिंह चीमा

वित्त मंत्री ने कहा कि पंजाब सरकार ने एनआईसी द्वारा बनाए गए नवीनतम डेटा विश्लेषण टूल, जीएसटी प्राइम की सेवाओं का प्रयोग करने का भी फैसला किया है। उन्होंने कहा कि जीएसटी प्राइम अलग-अलग मापदण्डों पर विशेष डेटा विश्लेषण रिपोर्टें बनाने में मदद करेगा और इन रिपोर्टों के अनुसार अपेक्षित कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने कहा कि विभाग ने करदाताओं के मार्गदर्शन और सुविधा देने के लिए बहुत सी गतिविधियाँ भी की हैं, जिससे वह अपना कारोबार बढ़िया तरीके से कर सकें।

End of Feed