Punjab GST: पंजाब सरकार ने अप्रैल 2026 में कर राजस्व के क्षेत्र में नया कीर्तिमान स्थापित किया है। पंजाब के वित्त, योजना, आबकारी एवं कराधान मंत्री एडवोकेट हरपाल सिंह चीमा ने घोषणा की है कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली सरकार ने अप्रैल 2026 में कर राजस्व के क्षेत्र में एक अभूतपूर्व कीर्तिमान स्थापित किया है।
पंजाब ने जीएसटी प्रणाली लागू होने के बाद से अब तक का अपना सबसे अधिक मासिक GST संग्रह हासिल किया।
राज्य ने जीएसटी प्रणाली लागू होने के बाद से अब तक का अपना सबसे अधिक मासिक वस्तु एवं सेवा कर (GST) संग्रह हासिल किया है। इस उपलब्धि के साथ ही पंजाब कुल जीएसटी राजस्व वृद्धि दर के मामले में पूरे भारत में पहले स्थान पर पहुंच गया है, जो राज्य की मजबूत होती आर्थिक स्थिति का स्पष्ट प्रमाण है।
पंजाब ने अप्रैल में 2987.38 करोड़ रुपये का कुल जीएसटी किया संग्रह
वित्तीय आंकड़ों का विवरण देते हुए वित्त मंत्री ने बताया कि अप्रैल माह में पंजाब ने 2987.38 करोड़ रुपये का कुल जीएसटी संग्रह दर्ज किया है, जबकि शुद्ध जीएसटी प्राप्ति 2725.08 करोड़ रुपये तक पहुंच गई है। वर्ष-दर-वर्ष के आधार पर यह प्रदर्शन शुद्ध जीएसटी में 70.70% की शानदार बढ़ोतरी को दर्शाता है, जो अप्रैल 2025 की तुलना में लगभग 1,129 करोड़ रुपये अधिक है।
पोस्ट-सेटलमेंट जीएसटी में 66% वृद्धि दर्ज
भारत सरकार के आंकड़ों के अनुसार, पंजाब ने पोस्ट-सेटलमेंट जीएसटी में 66% की वृद्धि दर्ज की है, जो पिछले वर्ष के 1,795 करोड़ रुपये से बढ़कर 2,987 करोड़ रुपये हो गई है। यह वृद्धि दर पंजाब को देश के सबसे तेजी से विकास करने वाले राज्य के रूप में स्थापित करती है, जिसने राष्ट्रीय औसत और सभी उत्तर भारतीय राज्यों को पीछे छोड़ दिया है।
175 करोड़ रुपये से अधिक का वसूला गया जुर्माना
इस वित्तीय सफलता के पीछे कर विभाग द्वारा अपनाए गए कड़े प्रशासनिक और प्रवर्तन उपाय एक मुख्य कारण रहे हैं। विभाग ने डेटा एनालिटिक्स और खुफिया जानकारी के आधार पर टैक्स चोरी विरोधी अभियान चलाए, जिसके परिणामस्वरूप 175 करोड़ रुपये से अधिक का जुर्माना वसूला गया।
विशेष रूप से आयरन एंड स्टील सेक्टर में की गई कार्रवाई के दौरान एक ही दिन में रिकॉर्ड 200 वाहनों को जब्त किया गया। वित्त मंत्री ने स्पष्ट किया कि यद्यपि पिछले वर्ष के आईजीएसटी समायोजन के कारण आंकड़ों में बड़ा अंतर दिख रहा है, लेकिन यदि इसे सामान्य किया जाए तब भी कुल वृद्धि 12.57% और शुद्ध वृद्धि 10.97% रहती है, जो कर प्रशासन में निरंतर सुधारों का नतीजा है।
वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने राज्य के राजस्व आधार को मजबूत करने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि यह सफलता प्रौद्योगिकी-संचालित प्रवर्तन और ईमानदार करदाताओं को दी जाने वाली सुविधाओं का समन्वय है।
क्या है पंजाब सरकार का लक्ष्य?
पंजाब सरकार का लक्ष्य एक ऐसी निष्पक्ष और पारदर्शी कर प्रणाली सुनिश्चित करना है जहां नियमानुसार कर देने वालों को प्रोत्साहन मिले और टैक्स चोरी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहे। राज्य की यह वित्तीय मजबूती आने वाले समय में विकास कार्यों को नई गति प्रदान करेगी।
