Captain Amarinder Singh: पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री और बीजेपी नेता कैप्टन अमरिंदर सिंह ने शनिवार को खालिस्तान मुद्दे (Khalistan Issue) को लेकर राज्य में सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (Aam Aadmi Party) सरकार पर जमकर बरसे। कैप्टन अमरिंदर सिंह ने विश्वास व्यक्त किया कि बीजेपी पंजाब और केंद्र में सरकार बनाएगी। साथ ही कहा कि राज्य सरकार को खालिस्तान के मुद्दे पर नकेल कसने की जरूरत है। मेरे कार्यकाल के दौरान खालिस्तान के नारे नहीं लगाए गए, क्योंकि मैंने सख्त कदम उठाए थे। कानून और व्यवस्था राज्य का विषय है। पंजाब सरकार कुछ नहीं कर रही है।
पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री और बीजेपी नेता कैप्टन अमरिंदर सिंह। (File Photo)
खालिस्तान मुद्दे पर कुछ नहीं कर रही पंजाब सरकार- कैप्टन अमरिंदर सिंह
दूसरी ओर हाल ही में पंजाब में खालिस्तान के नारे लगाने की कई घटनाएं सामने आई थीं। मुख्यमंत्री भगवंत मान के शहर के दौरे से एक दिन पहले अगस्त में जालंधर में कई जगहों पर खालिस्तानी नारे लिखे पाए गए। इससे पहले जुलाई में करनाल पुलिस ने जून में दो शिक्षण संस्थानों की दीवारों पर इस तरह के नारे लिखने के आरोप में पटियाला के एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया था। पूछताछ के दौरान मनजीत के रूप में पहचाने जाने वाले व्यक्ति ने कहा था कि अमेरिका के एक व्यक्ति ने उसे नौकरी के लिए 1,000 डॉलर का भुगतान करने का वादा किया था।
पिछले महीने ही बीजेपी में शामिल हुए हैं कैप्टन अमरिंदर सिंह
इसके अलावा हिमाचल प्रदेश में भी एक पंजाब निवासी को अप्रैल में धर्मशाला शहर में हिमाचल विधानसभा की दीवारों पर खालिस्तानी झंडे लगाने और नारे लगाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। कैप्टन अमरिंदर सिंह पिछले साल कांग्रेस छोड़ने के बाद पिछले महीने ही बीजेपी में शामिल हुए हैं। साथ ही अमरिंदर सिंह ने अपनी नवगठित पंजाब लोक कांग्रेस (पीएलसी) का भी बीजेपी में विलय कर दिया।
वहीं अमरिंदर सिंह के बीजेपी में जाने के फैसले को कांग्रेस नेताओं ने 'गलत फैसला' करार दिया। कांग्रेस सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि मेरा मानना है कि ये कैप्टन अमरिंदर सिंह द्वारा लिया गया गलत फैसला है। किसानों के विरोध के ठीक बाद बीजेपी में शामिल होने के उनके फैसले की लोग सराहना नहीं करेंगे।
