Punjab BJP's Yatra: पंजाब चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी (BJP) 'ड्रग्स' को एक बड़ा चुनावी मुद्दा बनाने के लिए यात्रा की शुरुआत करने जा रही है। भाजपा की ‘नशा मुक्त पंजाब यात्रा’ शुक्रवार को पठानकोट से शुरू होगी। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन माधोपुर बॉर्डर से इस यात्रा की शुरुआत करेंगे। नशे के खिलाफ भाजपा का यह अभियान 13 दिनों तक चलेगा। इस दौरान यह यात्रा पंजाब में करीब 4 हजार किलोमीटर का सफर तय करेगी। यात्रा का समापन 30 सितंबर को जालंधर में होगा। समापन के मौके पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह मौजूद रहेंगे।
पंजाब में भाजपा की यात्रा का समापन 30 सितंबर को होगा।
117 विधानसभा क्षेत्रों तक पहुंचने का लक्ष्य
जानकारी के मुताबिक चार यात्राओं के जरिए 117 विधानसभा क्षेत्रों तक पहुंचने का लक्ष्य है। लेकिन इस पूरे अभियान की सबसे अहम तस्वीर यह नशे से प्रभावित परिवार अब सिर्फ दर्शक नहीं रहेंगे, बल्कि उनकी आपबीती को राजनीतिक मंच पर भी जगह दी जाएगी। पंजाब बीजेपी अध्यक्ष केवल ढिल्लों ने कहा हम पंजाब का दर्द बयां कर रहे हैं। प्रभावित परिवार यहां मौजूद हैं किसी ने अपना बेटा किसी ने अपना पति नशे के चलते खो दिया।पंजाब के जगराओं में एक ही परिवार के 6 सदस्य नशे की भेंट चढ़ गए हैं। इसलिए नशे को खत्म करने के लिए हम अपनी यात्रा शुरू करने जा रहे हैं। गृह मंत्री अमित शाह ने 2 साल में नशा खत्म करने का ऐलान किया है।
AAP ने इसे भाजपा का 'राजनीतिक नौटंकी' बताया
आम आदमी पार्टी (आप) की पंजाब इकाई के नेता बलतेज पन्नू ने बृहस्पतिवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की नशा मुक्त पंजाब यात्रा की आलोचना करते हुए इसे राजनीतिक नौटंकी करार दिया और सवाल किया कि जब 2007-17 के दौरान भाजपा पंजाब की सत्ता में साझेदार थी, तब मादक पदार्थ की समस्या पर क्यों चुप रही थी। पन्नू ने पूछा कि भाजपा पंजाब को ही क्यों निशाना बना रही है, जबकि पड़ोसी राज्य हरियाणा समेत 'नशीले पदार्थों से प्रभावित’अन्य राज्यों में वह चुप्पी साधे हुए है।
भाजपा बताए वह क्या कर रही है-AAP
उन्होंने कहा कि पंजाब के सभी संवेदनशील जिले सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के अधिकार क्षेत्र वाले सीमावर्ती जिले हैं और भाजपा को पंजाब को बदनाम करने के लिए इस मुद्दे का इस्तेमाल करने के बजाय यह बताना चाहिए कि वह राज्य में मादक पदार्थ की समस्या से निपटने के लिए क्या कर रही है। भाजपा की नशा मुक्त पंजाब यात्रा 18 सितंबर को शुरू होगी। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन पठानकोट से इस यात्रा को हरी झंडी दिखाएंगे, जबकि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 30 सितंबर को जालंधर में इसके समापन समारोह को संबोधित करेंगे।
