PM Modi News: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपनी दो दिवसीय मनीला यात्रा पूरी कर दिल्ली लौट आए हैं। फिलिपींस की राजधानी मनीला में उन्होंने 23वें भारत-आसियान समिट एवं 21वें पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन में हिस्सा लिया। पीएम ने क्वाड के नेताओं के साथ भी बैठक की। सोमवार को मनीला पहुंचे मोदी ने फिलीपीन के राष्ट्रपति फर्डिनेंड आर. मार्कोस जूनियर से भी मुलाकात की। दोनों नेताओं ने रक्षा, सुरक्षा, व्यापार तथा निवेश के क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग को और मजबूत करने के तरीकों पर चर्चा की। पीएम मोदी बुधवार को अपनी मंत्रिपरिषद के साथ बैठक करेंगे।
मनीला की यात्रा कर दिल्ली लौटे पीएम मोदी।
क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर विचार-विमर्श
प्रधानमंत्री ने यात्रा के दौरान सिंगापुर और थाईलैंड के अपने समकक्षों के साथ भी साझा हितों से जुड़े क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर विचार-विमर्श किया।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने सोशल मीडिया मंच X पर एक पोस्ट में कहा, 'यह यात्रा सार्थक रही। 23वें आसियान-भारत शिखर सम्मेलन, 21वें पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन, सातवें क्वाड शिखर सम्मेलन और अन्य द्विपक्षीय बैठकों में हिस्सा लेने के लिए फिलीपीन की यात्रा पूरी करने के बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भारत के लिए रवाना हो गए हैं।’
देशों के साथ रणनीतिक मजबूत की
उन्होंने कहा, 'इस यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री ने आसियान के साथ भारत की व्यापक रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने की प्रतिबद्धता दोहराई। साथ ही, शांतिपूर्ण, स्थिर और समृद्ध हिंद-प्रशांत क्षेत्र के निर्माण के लिए साझेदार देशों के साथ मिलकर लगातार काम करने का संकल्प भी जताया।’आसियान दक्षिण-पूर्व एशिया के 11 देशों-इंडोनेशिया, मलेशिया, फिलीपीन, सिंगापुर, थाईलैंड, ब्रुनेई, वियतनाम, लाओस, म्यांमा, कंबोडिया और तिमोर-लेस्ते का क्षेत्रीय संगठन है। भारत, अमेरिका, चीन, जापान और ऑस्ट्रेलिया के साथ आसियान के संवाद साझेदारों में शामिल है।
अपनी मंत्रिपरिषद के साथ बैठक करेंगे पीएम मोदी
प्रधानमंत्री बुधवार को मंत्रिपरिषद के सभी सदस्यों के साथ बैठक करेंगे। इस दौरान शासन, सुधारों और कल्याण एवं विकास योजनाओं पर महिलाओं तथा युवाओं तक पहुंच जैसे कई मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है। यह बैठक मंत्रियों को सरकार के सामने मौजूद मुद्दों को बेहतर ढंग से समझने में मदद करने के उद्देश्य से जारी कवायद का हिस्सा है। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि प्रधानमंत्री वार्षिक भारत-आसियान शिखर सम्मेलन से लौटने के बाद बुधवार सुबह मंत्रिपरिषद के सभी सदस्यों के साथ बातचीत करेंगे।
