Swearing-In Ceremony: मणिपुर से बुधवार को राष्ट्रपति शासन हटाया गया है। इसी के साथ ही नई सरकार के गठन का रास्ता साफ हो गया है। इस बीच, राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) के विधायक दल के नेता वाई खेमचंद सिंह ने सरकार बनाने का दावा पेश किया है।
मणिपुर से राष्ट्रपति शासन हटाया गया (फोटो साभार: @BJP4Manipur)
मणिपुर से राष्ट्रपति शासन हटा
सरकारी अधिसूचना के मुताबिक, राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू ने संविधान के अनुच्छेद 356 के खंड (2) द्वारा प्रदत्त शक्तियों का इस्तेमाल करते हुए मणिपुर से राष्ट्रपति शासन हटा दिया। बता दें कि 13 फरवरी, 2025 को मणिपुर में राष्ट्रपति शासन लागू हुआ था जिसे 4 फरवरी, 2026 को हटाया गया है।
BJP प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल से की मुलाकात
राजग विधायक दल के नेता खेमचंद सिंह ने लोकभवन में राज्यपाल अजय कुमार भल्ला के मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने सरकार बनाने का दावा पेश किया। राज्यपाल भल्ला से मुलाकात करने वाले प्रतिनिधिमंडल में चुराचंदपुर और फेरजॉल के कुकी-जो बहुल जिलों के दो विधायक शामिल थे। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने पत्रकारों से कहा, ''हमने अपने नव निर्वाचित विधायक दल के नेता वाई खेमचंद सिंह और भाजपा पर्यवेक्षक तरुण चुघ की मौजूदगी में राज्यपाल से मुलाकात की। राजग ने राज्य में सरकार बनाने का दावा पेश किया।''
कब होगा शपथ ग्रहण समारोह?
लोकभवन में शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियां शुरू हो गईं। प्राप्त जानकारी के मुताबिक, खेमचंद सिंह बुधवार शाम 6 बजे मणिपुर में मुख्यमंत्री के तौर पर पद एवं गोपनीयता की शपथ लेंगे। भाजपा की मणिपुर इकाई ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ''वाई खेमचंद सिंह का मणिपुर के माननीय मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ग्रहण समारोह आज यानी चार फरवरी 2026 को शाम छह बजे लोक भवन में होगा।''
इसमें आगे कहा गया, ''उनके अनुभवी और दूरदर्शी नेतृत्व में मणिपुर शांति, विकास और सुशासन के रास्ते पर आगे बढ़ने के लिए तैयार है, जिससे राज्य में स्थिरता और प्रगति का एक नया युग शुरू होगा।'' भाजपा विधायक थोंगबम बिस्वजीत ने पहले बताया था कि खेमचंद सिंह समेत पांच विधायक मंत्री पद की शपथ लेंगे।
