President Droupadi Murmu Kerala Four Day Visit: केरल के प्रमदम स्टेडियम में बुधवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को ले जा रहा एक हेलिकॉप्टर बड़े हादसे की चपेट में आने से बचा। दरअसल, वह जिस हैलीपैड पर वह उतरा था, वहां वह लैंडिग के दौरान धस गया। मौके पर मौजूद पुलिस और फायर डिपार्टमेंट के इमरजेंसी कर्मचारियों ने तुरंत एयरक्राफ्ट को हाथ से उस जगह से बाहर निकाला।
केरल के चार दिनों के दौरे पर पहुंचीं राष्ट्रपति
दरअसल, राष्ट्रपति मुर्मू को सबरीमाला दौरे पर ले जा रहे हेलीकॉप्टर के पहिए बुधवार सुबह यहां प्रमदम के राजीव गांधी इंडोर स्टेडियम में नए बने कंक्रीट हेलीपैड के गड्ढे में फंस गए।
पुलिसकर्मी पहिए बाहर निकालते नजर आए
राष्ट्रपति के सड़क मार्ग से पंबा के लिए रवाना होने के बाद वीडियो में देखा जा सकता है कि कई पुलिसकर्मी और फायर फोर्स के लोग हेलीकॉप्टर के पहियों को कंक्रीट पर उतरने के बाद बने छोटे गड्ढों से बाहर निकालते हुए देखे जा रहे हैं।
जिले के एक सीनियर पुलिस अधिकारी ने कहा कि आखिरी समय में हेलीकॉप्टर उतारने के लिए स्टेडियम को जगह तय की गई थी और इसलिए मंगलवार देर रात वहां हेलीपैड बनाया गया था।
केरल की चार दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर राष्ट्रपति
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू बुधवार को सबरीमला में भगवान अयप्पा मंदिर में पूजा-अर्चना करने पहुंचीं हैं। राष्ट्रपति मुर्मू केरल की चार दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर मंगलवार शाम को तिरुवनंतपुरम पहुंचीं और आज सुबह पथनमथिट्टा जिले के लिए रवाना हुईं, जहां एक पहाड़ी पर यह मंदिर स्थित है। राष्ट्रपति का काफिला सुबह 7.25 बजे राजभवन से हवाई अड्डे के लिए रवाना हुआ। वहां से वह हेलीकॉप्टर से पथनमथिट्टा जिले के प्रमदम पहुंचीं और फिर सबरीमला की तलहटी में स्थित पंबा के लिए रवाना हुईं।
सबरीमला यात्रा के लिए सभी व्यवस्थाएं पूरी
त्रावणकोर देवस्वोम बोर्ड (टीडीबी) के अधिकारियों ने कहा कि राष्ट्रपति मुर्मू की सबरीमला यात्रा के लिए सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। टीडीबी अधिकारियों ने बताया कि मुर्मू स्वामी अय्यप्पन रोड और पारंपरिक ट्रैकिंग पथ से होते हुए सन्निधानम पहुंचेंगी। इस दौरे के मद्देनजर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। मंदिर के दर्शन करने के बाद वह शाम को तिरुवनंतपुरम लौटेंगी।
वह बृहस्पतिवार को राजभवन में पूर्व राष्ट्रपति के आर नारायणन की प्रतिमा का अनावरण करेंगी। बाद में वह वर्कला के शिवगिरि मठ में श्री नारायण गुरु के महासमाधि शताब्दी समारोह का उद्घाटन करेंगी और कोट्टायम जिले के पाला में सेंट थॉमस कॉलेज के 'प्लेटिनम जुबली' समारोह के समापन समारोह में भाग लेंगी।
राष्ट्रपति मुर्मू 24 अक्टूबर को एर्नाकुलम में सेंट टेरेसा कॉलेज के शताब्दी समारोह में भाग लेकर अपने केरल दौरे का समापन करेंगी। मंगलवार को अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर केरल के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर, मुख्यमंत्री पिनराई विजयन, अन्य जनप्रतिनिधियों और वरिष्ठ अधिकारियों ने उनका स्वागत किया।
