Sikkim new cm oath ceremony: सिक्किम क्रांतिकारी मोर्चा (SKM) के अध्यक्ष प्रेम सिंह तमांग ने सोमवार को सिक्किम के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। यहां पालजोर स्टेडियम में आयोजित एक समारोह में राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य ने उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। तमांग लगातार दूसरी बार मुख्यमंत्री बने हैं। एसकेएम ने 32 सदस्यीय विधानसभा में 31 सीटें जीतकर भारी बहुमत के साथ सिक्किम में सत्ता में वापसी की।
प्रेम सिंह तमांग ने लगातार दूसरी बार सिक्किम के मुख्यमंत्री के रूप में ली शपथ
राज्य में 2019 तक लगातार 25 वर्षों तक सत्ता पर काबिज रहा विपक्षी सिक्किम डेमोक्रेटिक फ्रंट (SDF) केवल एक सीट हासिल कर सका। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को सिक्किम के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने पर सिक्किम क्रांतिकारी मोर्चा (एसकेएम) के नेता प्रेम सिंह तमांग को बधाई दी और कहा कि राज्य की प्रगति के लिए वह उनके साथ मिलकर काम करने को उत्सुक हैं।
हाल में संपन्न हुए सिक्किम विधानसभा के चुनाव में एसकेएम को 32 में से 31 सीट मिली थीं जबकि सिक्किम डेमोक्रेटिक फ्रंट (एसडीएफ) को एक सीट मिली थी। इसके बाद तमांग को एसकेएम विधायक दल का नेता चुना गया था।
प्रधानमंत्री मोदी ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, 'सिक्किम के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने पर प्रेम सिंह तमांग को बधाई। उनके सफल कार्यकाल की कामना करता हूं और सिक्किम की प्रगति के लिए उनके साथ मिलकर काम करने को उत्सुक हूं।' तमांग ने लगातार दूसरी बार सिक्किम के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली है। दो जून को एसकेएम की बैठक के दौरान उन्हें सर्वसम्मति से विधायक दल का नेता चुना गया था।
