INDI Bloc meeting : दिल्ली में बुधवार को INDI ब्लॉक के नेताओं की बैठक होने जा रही है। बताया जा रहा है कि इस बैठक में SIR पर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ उठाए जाने वाले कदमों और भावी रणनीति के बारे में चर्चा की जाएगी लेकिन इसके पहले मध्य दिल्ली के कई इलाकों में पोस्टर सामने आए हैं। इन पोस्टर में इंडी ब्लॉक के नेताओं को निशाना बनाया गया है। पोस्टर में विपक्षी नेताओं पर भारतीय चुनाव आयोग (ECI) और इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीन (EVM) पर दोहरा रवैया अपनाने का आरोप लगाया गया है। यह बैठक सुबह 11 बजे कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में होनी है।
INDI ब्लॉक की दिल्ली में बैठक।
ज्ञानेश कुमार के खिलाफ इस तरह का तीसरा प्रयास
सूत्रों ने बताया कि ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने संबंधी प्रस्ताव के नोटिस का मसौदा तैयार है और बैठक में इस पर विचार-विमर्श किया जाएगा। यह ज्ञानेश कुमार के खिलाफ इस तरह का तीसरा प्रयास है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, पार्टी महासचिव जयराम रमेश और के. सी. वेणुगोपाल, ममता तृणमूल कांग्रेस की ममता बनर्जी और अभिषेक बनर्जी तथा समाजवादी पार्टी (सपा), भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा), मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा), राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) और शिवसेना (उबाठा) समेत विभिन्न दलों के नेता बैठक में हिस्सा लेंगे।
AAP ने भी बैठक से किया किनारा
वहीं, द्रमुक और आम आदमी पार्टी (आप) ने स्पष्ट कर दिया है कि वे बैठक में शामिल नहीं होंगी। सपा प्रमुख अखिलेश यादव भी उत्तर प्रदेश में राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन संबंधी व्यस्तताओं के कारण बैठक में शामिल नहीं होंगे और अपने प्रतिनिधियों को भेजेंगे।'INDI’ गठबंधन की बैठक के बारे में कांग्रेस महासचिव वेणुगोपाल ने कहा, 'कल इंडिया गठबंधन की बैठक है। कांग्रेस देश में लोकतंत्र को बचाने के लिए सभी राजनीतिक दलों की मदद से बड़े पैमाने पर आंदोलन करना चाहती है। कल इंडिया गठबंधन के नेताओं से महत्वपूर्ण सुझाव मिलेंगे और उसके बाद हम भविष्य के आंदोलन के लिए स्पष्ट कार्ययोजना को अंतिम रूप देंगे।’
बैठक में ये नेता हो सकते हैं शामिल
कांग्रेस: सोनिया गांधी, राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गेसमाजवादी पार्टी: हरेंद्र मलिक
टीएमसी: ममता बनर्जी, अभिषेक बनर्जी
आरजेडी: तेजस्वी यादव
नेशनल कॉन्फ्रेंस: उमर अब्दुल्ला
पीडीपी: महबूबा मुफ्ती
जेएमएम: हेमंत सोरेन (वीसी)
शिवसेना यूबीटी: उद्धव ठाकरे (वीसी)
एनसीपी-एसपी: सुप्रिया सुले
सीपीएम: एम. ए. बेबी
सीपीआई: डी. राजा
सीपीआई (एमएल): दीपांकर भट्टाचार्य
आरएसपी: एन. के. प्रेमचंद्रन
आईयूएमएल: सादिक थंगल
वीसीके: थिरुमावलवन
एमडीएमके: डी. वाइको
केरल कांग्रेस: के. जॉर्ज
केरल कांग्रेस (एम): जोस के. मणि
आरएलपी: हनुमान बेनीवाल
बीएपी: भारत आदिवासी पार्टी
लोक दल: सुनील सिंह
फॉरवर्ड ब्लॉक: जी. देवराजन
शेतकरी कामगार पक्ष: जयंत पाटिल
कपिल सिब्बल: निर्दलीय सांसद
बैठक में नहीं आएंगे अखिलेश
उन्होंने संवाददाताओं से कहा, 'हम इंडिया गठबंधन के आंदोलन के कार्यक्रम और कांग्रेस के कार्यक्रम के बीच समन्वय करेंगे।’अखिलेश यादव के बैठक में शामिल नहीं होने के बारे में पूछे जाने पर वेणुगोपाल ने कहा, 'मैंने अखिलेश यादव से बात की है, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भी उनसे बात की है। उन्हें राज्यसभा चुनाव के नामांकन से जुड़े काम देखने हैं, लेकिन उनकी पार्टी के नेता बैठक में शामिल हो रहे हैं।’विपक्ष द्वारा केंद्र की मोदी सरकार को घेरने के प्रयासों में द्रमुक और आप जैसे दलों को साथ लाने की कोशिश किए जाने के सवाल पर वेणुगोपाल ने कहा कि इस तरह के मुद्दों पर चर्चा की जाएगी।
CEC को हटाने वाले प्रस्ताव का समर्थन करेंगे-DMK
उन्होंने कहा, 'द्रमुक इंडिया गठबंधन का बहुत अहम हिस्सा रहा है। हमारा अब भी मानना है कि वे सभी लोकतंत्र पर इस तरह के हमले के खिलाफ हैं। यही हमारी सोच है, देखते हैं।’ द्रमुक प्रवक्ता टी. के. एस. एलंगोवन ने 'इंडिया’ गठबंधन की बैठक के बारे में कहा, 'वैचारिक रूप से हम सभी साथ हैं। हो सकता है कि हम इंडिया गठबंधन का हिस्सा नहीं हैं। यह अलग बात है। लेकिन संसद में जो भी ज्ञानेश कुमार को हटाने का प्रस्ताव लाएगा, हम उसका समर्थन करेंगे... हमारे नेता ने एक बयान जारी किया है। कई मुद्दों पर जहां अन्य विपक्षी दल भाजपा का विरोध करते हैं, हम भी उनके साथ खड़े होंगे। इसका मतलब यह नहीं है कि हम साथ हैं। हम 'इंडिया’ गठबंधन में नहीं हैं।’
