Bengaluru Stampede: बेंगलुरू के चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर हुई भगदड़ के मामले में क्रिकेट के दिग्गज खिलाड़ी और आरसीबी प्लेयर विराट कोहली के खिलाफ शुक्रवार को पुलिस थाने में शिकायत दर्ज करवाई गई। यह शिकायत वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता एच.एम. वेंकटेश ने दर्ज कराई है।
टीम इंडिया के दिग्गज खिलाड़ी विराट कोहली
समाचार एजेंसी आईएएनएस के मुताबिक, इस मामले में पुलिस ने स्पष्टीकरण जारी करते हुए कहा कि शिकायत पर पहले से दर्ज मामले के तहत विचार किया जाएगा और चल रही जांच के दौरान इसकी जांच की जाएगी।
भगदड़ में कितने लोगों ने गंवाई जिंदगी
चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर हुई भगदड़ में 11 लोगों की मौत हो गई, जबकि अन्य 33 लोग घायल हो गए। इस हादसे को लेकर सिद्दारमैया सरकार और आरसीबी दोनों ने ही 10-10 लाख रुपये के मुआवजे की घोषणा की थी।
एक्शन में सिद्दारमैया सरकार
भगदड़ मामले में बेंगलुरू पुलिस ने शुक्रवार को फ्रेंचाइजी के मार्केटिंह हेड सहित चार अधिकारियों को गिरफ्तार किया। बेंगलुरु पुलिस ने आरसीबी के मार्केटिंग और रेवेन्यू हेड निखिल सोसले को गिरफ्तार किया, जो केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से मुंबई के लिए उड़ान भरने का इंतजार कर रहे थे। साथ ही पुलिस ने किरण कुमार (वरिष्ठ इवेंट मैनेजर) और सुनील मैथ्यू (उपाध्यक्ष - व्यवसाय मामले) को भी गिरफ्तार किया।
राजनीतिक सचिव पर भी गिरी गाज
इससे पहले, सिद्दारमैया सरकार ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए विधान परिषद सदस्य गोविंदराज को पद से हटा दिया। एक आधिकारिक अधिसूचना के मुताबिक, मुख्यमंत्री के राजनीतिक सचिव के रूप में के. गोविंदराज की नियुक्ति तत्काल प्रभाव से रद्द की जाती है। के. गोविंदराज को तत्काल प्रभाव से मुख्यमंत्री के राजनीतिक सचिव के पद से मुक्त किया जाता है।
