प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को कतर के अमीर शेख तमीम बिन हमद अल थानी से बात की। इस दौरान, उन्होंने फादर अमीर शेख हमद बिन खलीफा अल थानी के निधन पर गहरी संवेदना व्यक्त की।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (फाइल फोटो)
पीएम मोदी ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ''कतर के अमीर शेख तमीम बिन हमद अल थानी से बात की और 'फादर अमीर' शेख हमद बिन खलीफा अल थानी के निधन पर अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं। भारत के प्रति उनके गहरे लगाव, कतर में रहने वाले भारतीय समुदाय के प्रति उनका स्नेह और भारत-कतर संबंधों को मजबूत करने की उनकी अटूट प्रतिबद्धता हमेशा याद रखी जाएगी।
उन्होंने कहा कि फादर अमीर की स्थायी विरासत हमारे दोनों देशों का मार्गदर्शन करती रहेगी, क्योंकि हम अपनी रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत कर रहे हैं।
केंद्र सरकार ने केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू को कतर के अमीर के पिता के निधन पर भारत सरकार और भारत के लोगों की ओर से शोक संदेश पहुंचाने के लिए भेजा था।
संसदीय कार्य और अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री रिजिजू 14 जुलाई को भारत की ओर से शोक व्यक्त करने दोहा गए।
कौन थे कतर के पूर्व अमीर
कतर के पूर्व अमीर (शासक) शेख हमद बिन खलीफा अल थानी का 12 जुलाई को निधन हो गया है। वह 74 वर्ष के थे। शेख हमद ने अपने शासनकाल में फारस की खाड़ी के छोटे से देश कतर को कूटनीति, मीडिया और निवेश के क्षेत्र में वैश्विक स्तर पर प्रभावशाली देश बनाया और फिर अपने बेटे को स्वेच्छा से सत्ता सौंपकर परंपरा को तोड़ा।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: ईरान में कैंसर अस्पताल के पास भीषण हमला, कीमोथेरेपी करा रहे 211 बच्चे सुरक्षित निकाले गए; US पर भड़का तेहरान
कतर के 18 वर्ष तक अमीर रहे शेख हमद ने जून 2013 में पद छोड़ दिया था। वह ऊर्जा संसाधनों से समृद्ध कतर को एक पीढ़ी से भी कम समय में एक अपेक्षाकृत पिछड़े देश से अंतरराष्ट्रीय गतिविधियों के प्रमुख केंद्र में बदलने की महत्वाकांक्षी योजना के सूत्रधार थे। लंदन स्थित प्रसिद्ध 'हैरोड्स' डिपार्टमेंट स्टोर का स्वामित्व कतर के पास है और इसी देश ने प्रभावशाली उपग्रह समाचार नेटवर्क 'अल जजीरा' की स्थापना की।
