पुडुचेरी को PM मोदी की बड़ी सौगात; 2700 करोड़ की परियोजनाओं का किया उद्घाटन और शिलान्यास

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी को बड़ी सौगात देते हुए 2,700 करोड़ रुपये से अधिक की कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। 1 मार्च को पुडुचेरी पहुंचे प्रधानमंत्री ने बुनियादी ढांचे, स्वास्थ्य, शिक्षा और औद्योगिक विकास से जुड़ी योजनाओं को जनता को समर्पित किया।

PM in Puducherry: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी को विकास की बड़ी सौगात देते हुए 2,700 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इस अवसर पर जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने रेखांकित किया कि इस वर्ष के केंद्रीय बजट में बुनियादी ढांचे के निर्माण के लिए रिकॉर्ड 12 लाख करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है, जिसका सीधा सकारात्मक प्रभाव पुडुचेरी के नागरिकों के जीवन पर पड़ेगा। उन्होंने विशेष रूप से घोषणा की कि पुडुचेरी को अब 'राज्यों को पूंजी निवेश के लिए विशेष सहायता' (SASCI) योजना के दायरे में लाया गया है, जो पहले केवल पूर्ण राज्यों तक सीमित थी। इस बदलाव से केंद्र शासित प्रदेश में सड़क, जल आपूर्ति, स्कूल और अस्पतालों जैसे सार्वजनिक उपयोगिता के कार्यों के लिए अतिरिक्त धन उपलब्ध हो सकेगा।

PM in Pudduchhery

पुडुचेरी में संबोधन देते प्रधानमंत्री (स्क्रीनग्रैब: PTI)

औद्योगिक और आर्थिक सशक्तिकरण की नई दिशा

पुडुचेरी के औद्योगिक परिदृश्य को बदलने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री ने 750 एकड़ में फैले करसुर-सेदारापेट औद्योगिक एस्टेट को राष्ट्र को समर्पित किया। यह विशाल परिसर भविष्य में फार्मा पार्क, टेक्सटाइल पार्क और आईटी पार्क का केंद्र बनेगा। इसके साथ ही यहां आईआईटी मद्रास का एक अत्याधुनिक अनुसंधान एवं विकास केंद्र और जिपमेर की उन्नत स्वास्थ्य सुविधाएं भी स्थापित की जाएंगी। इस पहल का मुख्य लक्ष्य क्षेत्र में बड़े पैमाने पर औद्योगिक विकास को बढ़ावा देना और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा करना है। इस दौरान पीएम मोदी ने रैली को संबोधित करते हुए कहा कि पुडुचेरी में होना मेरे लिए सम्मान की बात है। यह सिद्ध संतों, कवियों और स्वतंत्रता सेनानियों की भूमि है। यहीं पर महाकवि सुब्रमण्यम भारती ने राष्ट्रवाद की लौ जलाई थी। यहां से श्री अरबिंदो और माता ने पूरी दुनिया को एक नया आध्यात्मिक विजन दिया।

End of Feed