India-Ukraine Relations: रूस-यूक्रेन युद्ध के बीच तनाव जारी है। इसी बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की से फोन पर बातचीत की। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच रूस-यूक्रेन युद्ध से जुड़े ताजा घटनाक्रम और संघर्ष के शांतिपूर्ण समाधान पर चर्चा हुई। पीएम मोदी ने दोहराया कि भारत इस युद्ध का समाधान बातचीत और कूटनीति के जरिए चाहता है। उन्होंने शांति स्थापित करने के सभी प्रयासों में भारत की ओर से योगदान देने की तत्परता भी जताई।
पीएम मोदी ने यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की से फोन पर की बात। PTI
जेलेंस्की ने साझा किए युद्ध के ताजा अपडेट
प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, फोन पर बातचीत के दौरान राष्ट्रपति जेलेंस्की ने पीएम मोदी को रूस-यूक्रेन संघर्ष से जुड़े हालिया घटनाक्रमों के बारे में अपना नजरिया बताया। दोनों नेताओं ने मौजूदा हालात और क्षेत्र में शांति की संभावनाओं पर विचार साझा किए। पीएम मोदी ने कहा कि भारत का दृष्टिकोण हमेशा मानवीय रहा है। उन्होंने एक बार फिर स्पष्ट किया कि किसी भी संघर्ष का समाधान बातचीत और कूटनीति के जरिए ही निकाला जाना चाहिए।
शांति की कोशिशों में मदद को तैयार भारत
पीएम मोदी ने बातचीत के दौरान कहा कि भारत संघर्ष के शांतिपूर्ण समाधान की दिशा में किए जा रहे सभी प्रयासों में योगदान देने के लिए तैयार है। भारत लगातार रूस-यूक्रेन युद्ध को समाप्त करने के लिए संवाद और कूटनीति का समर्थन करता रहा है। भारत का रुख रहा है कि युद्ध किसी समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सकता और शांति के लिए बातचीत का रास्ता अपनाया जाना चाहिए।
भारत-यूक्रेन संबंधों को मजबूत करने पर भी चर्चा
रूस-यूक्रेन संघर्ष के अलावा दोनों नेताओं ने भारत और यूक्रेन के द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने के तरीकों पर भी चर्चा की। बातचीत में दोनों देशों के लोगों के पारस्परिक हितों को ध्यान में रखते हुए विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर जोर दिया गया।
