PM Modi in Alipurduar : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को पश्चिम बंगाल के कूच बिहार एवं अलीपुरद्वार जिलों में गैस वितरण परियोजना की आधारशिला रखी। 1010 करोड़ रुपए की लागत वाली यह परियोजना 100 से ज्यादा वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों सहित 2.5 लाख घरों में पीएनजी पहुंचाएगी। अलीपुरद्वार में पर पीएम ने कहा कि भारत विकसित राष्ट्र बनने की राह पर है और इस प्रक्रिया में बंगाल की भागीदारी आवश्यक है।
बंगाल के अलीपुरद्वार में प्रधानमंत्री मोदी।
बंगाल का विकास भारत के भविष्य की नींव -PM
पीएम ने कहा कि बंगाल का विकास भारत के भविष्य की नींव है। शहरी गैस वितरण महज पाइपलाइन परियोजना नहीं, बल्कि यह सरकारी योजनाओं की सीधे घर तक आपूर्ति का उदाहरण है। अलीपुरद्वार में शहरी गैस वितरण परियोजना, क्षेत्र के स्वच्छ ऊर्जा बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की हमारी प्रतिबद्धता को प्रदर्शित करती है।
ढाई से लाख से अधिक घरों में पाइप से पहुंचेगी गैस
आज जब भारत विकसित राष्ट्र की तरफ बढ़ रहा है तो इसमें पश्चिम बंगाल की भागीदारी अपेक्षित भी है और अनिवार्य भी। इसी इरादे के साथ केंद्र सरकार यहां लगातार बुनियादी संरचना, नवाचार और निवेश को नई गति दे रही है। बंगाल का विकास भारत के भविष्य की नींव है और आज का दिन उसमें ईंट जोड़ने का दिन है। यह गैस परियोजना से ढाई लाख से अधिक घरों मं पाइप से गैस पहुंचाई जाएगी। लोगों को अब सुरक्षित गैस की सप्लाई होगी। ग्रीन फ्यूल की सुविधाओं का भी विस्तार होगा।
पीएम ने अलीपुरद्वार की खूबसूरती का जिक्र किया
क्षेत्र की अनूठी भौगोलिक और सांस्कृतिक विरासत का वर्णन करते हुए मोदी ने कहा, 'अलीपुरद्वार की यह धरती न केवल सीमाओं से जुड़ी है, बल्कि संस्कृतियों से भी जुड़ी है। एक तरफ भूटान की सीमा है, तो दूसरी तरफ स्वागत करता असम है। एक तरफ जलपाईगुड़ी की खूबसूरती है, तो दूसरी तरफ कूचबिहार का गौरव है।' उन्होंने कहा कि शहरी गैस वितरण परियोजना क्षेत्र के स्वच्छ ऊर्जा बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए केंद्र की प्रतिबद्धता को उजागर करती है।
