देश के पहले भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान IIT खड़गपुर के स्थापना के 75 वर्ष पूरे होने के ऐतिहासिक अवसर पर शनिवार (21 नवंबर) को आयोजित प्लेटिनम जुबली समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शामिल हुए। पश्चिम मेदिनीपुर जिले स्थित संस्थान परिसर में पहुंचे पीएम मोदी ने छात्रों, प्रोफेसरों और पूर्व विद्यार्थियों से संवाद करते हुए कहा कि इस मंच पर भारत का अतीत, वर्तमान और भविष्य एक साथ जुड़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल संस्थान की गौरवशाली यात्रा को याद करने का क्षण नहीं है, बल्कि उन उपलब्धियों और नवाचारों को देखने का अवसर भी है जो आने वाले समय में देश की दिशा तय करेंगे।
IIT खड़गपुर में बोलते प्रधानमंत्री
खराब मौसम के कारण हुई देरी पर पीएम मोदी ने मांगी क्षमा
समारोह में तय समय से विलंब से पहुंचने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन की शुरुआत उपस्थित जनसमूह और छात्रों से क्षमा मांगते हुए की। उन्होंने बताया कि प्रतिकूल मौसम के कारण वह समय पर नहीं पहुंच सके। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि "सबसे पहले तो मैं आप सब से क्षमा चाहता हूं क्योंकि मुझे आने में देरी हुई। मौसम के कारण मैं समय पर नहीं पहुंच पाया। फिर वहां से सड़क मार्ग से भागा लेकिन फिर भी आने में देर हो गई।" पीएम मोदी कलाईकुंडा वायुसेना अड्डे पर उतरने के बाद सड़क मार्ग से आईआईटी खड़गपुर परिसर पहुंचे थे। मौसम के कारण कार्यक्रम के समय में बदलाव के बावजूद उन्होंने छात्रों और संस्थान के सदस्यों के साथ बातचीत की। समारोह में पश्चिम बंगाल के राज्यपाल आरएन रवि, मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी और केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार भी उपस्थित रहे।
बैलगाड़ी से बुलेट ट्रेन और डाक पत्रों से सोशल मीडिया तक का सफर
आईआईटी खड़गपुर की 75 वर्षीय विरासत का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि बीते दशकों में भारत ने तकनीक और जनजीवन के हर क्षेत्र में व्यापक परिवर्तन देखा है। उन्होंने रोजमर्रा के उदाहरण देते हुए कहा कि इन 75 वर्षों में भारत ने बैलगाड़ी से लेकर बुलेट ट्रेन तक और डाक पत्रों से लेकर सोशल मीडिया संदेशों तक का सफर तय किया है। वर्ष 1951 में स्थापित यह देश का पहला आईआईटी है, जिसने तकनीकी शिक्षा, शोध और नवाचार के क्षेत्र में निरंतर योगदान दिया है।
'बंगाल में आइडियाज को बल मिलता है'
प्रधानमंत्री ने कहा कि बंगाल की धरती पर नए विचारों और चिंतन को हमेशा प्रोत्साहन मिलता है। उन्होंने समारोह में मौजूद विद्यार्थियों को देश की प्रतिभाशाली और महत्वाकांक्षी युवा पीढ़ी बताते हुए कहा कि युवाओं के नवाचार और परिश्रम से ही भविष्य के लक्ष्य पूरे होंगे। पीएम मोदी ने कहा कि संस्थान के अनुभवी मार्गदर्शकों और नई पीढ़ी के विद्यार्थियों की मौजूदगी इस प्लेटिनम जुबली समारोह को खास बनाती है, जहां पुरानी उपलब्धियों की विरासत के साथ आगे की संभावनाओं पर भी ध्यान केंद्रित किया गया है।
