Dinner Diplomacy: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संसद के चल रहे शीतकालीन सत्र के बीच गुरुवार को एनडीए सांसदों को पीएम आवास पर डिनर पर बुलाया। इस डिनर डिप्लोमेसी का मकसद एनडीए सांसदों की एकजुटता दिखाना है।
PM मोदी की 'डिनर डिप्लोमेसी' (फोटो साभार: ANI)
पीएम मोदी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘ राजग परिवार सुशासन, राष्ट्रीय विकास और क्षेत्रीय आकांक्षाओं के प्रति साझा प्रतिबद्धता का प्रतिनिधित्व करता है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘हम आने वाले वर्षों में अपने राष्ट्र के विकास पथ को सुदृढ़ करने के लिए मिलकर काम करते रहेंगे।’’
सांसद अलग-अलग समूहों में बसों में सवार होकर प्रधानमंत्री आवास 7, लोक कल्याण मार्ग पहुंचे।
कौन-कौन हो रहा शामिल
इस डिनर में गठबंधन के सभी घटक दलों के वरिष्ठ मंत्रियों, सदन के नेताओं और सांसदों ने हिस्सा लिया जिन्हें बस से 7 लोक कल्याण मार्ग स्थित पीएम आवास लाया गया। इस दौरान पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु और असम में होने वाले आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों से जुड़ी रणनीतियों पर चर्चा हो सकती है जिसमें एनडीए सांसदों का दृष्टिकोण अहम है। इस डिनर का हाल ही में बिहार चुनावों में एनडीए की शानदार जीत के बाद आयोजन किया गया, जिसमें गठबंधन ने 243 सदस्यीय राज्य विधानसभा में 202 सीटें हासिल कीं।
गठबंधन के साझेदारों में, भाजपा ने 89 सीट, जद(यू) ने 85, लोजपा (रामविलास) ने 19, हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (सेक्युलर) ने पांच और राष्ट्रीय लोक मोर्चा ने चार सीटें जीतीं। सोमवार को, बिहार के राजग नेताओं ने राज्य में गठबंधन की इस बड़ी जीत के लिए प्रधानमंत्री को बधाई दी। पीएम मोदी ने उनसे जनता के कल्याण के लिए और अधिक जोश के साथ काम करने को कहा। मंगलवार को राजग संसदीय दल की बैठक में प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत अब पूरी तरह से "सुधार एक्सप्रेस" चरण में है, जहां सुधार तेजी से और स्पष्ट इरादे के साथ हो रहे हैं।
पीएम मोदी ने इस बात पर जोर दिया कि सरकार के सुधार पूरी तरह से नागरिक-केंद्रित हैं, न कि केवल आर्थिक या राजस्व-केंद्रित और इसका लक्ष्य लोगों के दैनिक जीवन की बाधाओं को दूर करना है ताकि वे अपनी पूरी क्षमता का विकास कर सकें।
'बंगाल जीत के बाद फिर होगी दावत'
भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने बताया कि बिहार में ऐतिहासिक जीत के बाद प्रधानमंत्री ने हमें बुलाया है। अब बिहार के बाद अगली दावत बंगाल की जीत के बाद फिर होगी। उन्होंने कहा, ''हम, एनडीए सांसद पीएम मोदी का शुक्रिया अदा करते हैं जिन्होंने हम सभी को अपने घर पर डिनर के लिए बुलाया है। हमें उनसे मिलने का मौका मिलेगा। हम एक-दूसरे को जानते हैं, लेकिन जब पीएम मोदी हमें अपने आवास पर बुलाते हैं तो हम सभी सांसदों को खुश देख सकते हैं।''
