Budget session : बजट सत्र का दूसरा चरण आज (सोमवार) से शुरू हो गया। 13 मार्च से शुरू होने वाला यह सत्र छह अप्रैल तक चलेगा। इस दौरान 17 बैठकें होंगी। इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने शीर्ष मंत्रियों के साथ बैठक की, जिसमें संसद में केंद्र की रणनीति पर चर्चा हुई। दूसरी तरफ, विपक्ष भी बजट सत्र के दौरान सरकार को सदन में घेरने की तैयारी में है। ऐसे में राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे के नेतृत्व में विपक्षी नेताओं की अहम बैठक हुई। इस बैठक में 16 विपक्षी दलों के नेताओं ने भाग लिया।
संसद में मंत्रियों के साथ पीएम मोदी ने की बैठक।
विपक्षी नेताओं की इस बैठक में महंगाई, बेरोजगारी, अडानी मामले से लेकर अन्य मुद्दों पर सरकार को घेरने के लिए रणनीति तैयार की गई। खड़गे ने कहा कि हम संसद सत्र के दौरान महंगाई और बेरोजगारी का मुद्दा जोरशोर से उठाएंगे।
