Arunachal Accident: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुरुवार को अरुणाचल प्रदेश के अंजाव जिले में सड़क दुर्घटना में 18 लोगों की मौत पर दुख जताया। अरुणाचल प्रदेश में सोमवार को एक ट्रक के गहरी खाई में गिर जाने से कम से कम 18 लोगों की मौत हो गई और तीन अन्य लापता हो गए।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (फाइल फोटो)
मुआवजे का ऐलान
प्रधानमंत्री कार्यालय ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, "अरुणाचल प्रदेश के अंजाव जिले में एक दुर्घटना में लोगों की मौत से व्यथित हूं। मेरी संवेदनाएं उन लोगों के साथ हैं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।" प्रधानमंत्री के हवाले से बयान में कहा गया, "प्रत्येक मृतक के परिजन को पीएमएनआरएफ से दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे।"
राहुल गांधी ने जताया दुख
लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने अरुणाचल हादसे पर दुख जताया। उन्होंने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ''अरुणाचल प्रदेश में ट्रक के खाई में पलटने से कई असमी मज़दूरों की मृत्यु का समाचार अत्यंत पीड़ादायक है। उनके शोकाकुल परिवारों को अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। जो लापता हैं उनके जल्द से जल्द पाए जाने की आशा के साथ घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।''
कब हुई सड़क दुर्घटना
रक्षा मंत्रालय के जनसंपर्क अधिकारी (PRO) लेफ्टिनेंट कर्नल महेंद्र रावत ने दुर्घटना में एकमात्र जीवित बचे व्यक्ति से प्राप्त सूचना के आधार पर बताया कि राज्य के पूर्वी हिस्से में स्थित अंजॉ जिले के हयूलियांग-चागलागम रोड पर यह दुर्घटना आठ दिसंबर को हुई। इस ट्रक पर तिनसुकिया जिले के 22 मजदूर सवार थे।
रावत ने एक बयान में कहा कि यह दुर्गम इलाका चागलागम से लगभग 12 किलोमीटर दूर है और वहां संपर्क सीमित है तथा दुर्घटना की जानकारी किसी भी स्थानीय एजेंसी, ठेकेदार या नागरिक को नहीं थी। बयान के अनुसार, एकमात्र जीवित बचे व्यक्ति ने जब आपबीती सुनाई तभी इसकी जानकारी मिली। उन्होंने कहा, ‘‘18 शव देखे गए हैं और उन्हें निकाला जा रहा है। हयूलियांग के एडीसी ने अंजॉ के एसपी (पुलिस अधीक्षक) को सूचित कर दिया है, जो घटनास्थल पर पहुंच चुके हैं।’’
