प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे से हाल ही में उनके हेलीकॉप्टर के खराब मौसम का सामना करने के बारे में जानकारी ली। बयान के मुताबिक, प्रधानमंत्री मोदी ने उन्हें उड़ान के दौरान सावधानी बरतने की सलाह भी दी।
पीएम मोदी ने शिंदे का जाना हाल चाल (फोटो साभार: @mieknathshinde)
PM मोदी ने शिंदे का जाना हाल
शिवसेना के प्रमुख और भाजपा के सहयोगी शिंदे ने आज सुबह कोलकाता में पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी के शपथ ग्रहण समारोह के दौरान पीएम मोदी से मुलाकात की। इस समारोह में केंद्रीय मंत्री, भाजपा सांसद, उद्योगपति, फिल्मी हस्तियां, संत और धार्मिक नेता शामिल हुए तथा इस तरह शपथ ग्रहण समारोह एक बड़े राजनीतिक आयोजन में बदल गया, जिसे पार्टी ने बंगाल के लिए 'ऐतिहासिक सवेरा' बताया।
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री कार्यालय ने एक बयान में कहा, ''प्रधानमंत्री मोदी ने आज शिंदे से इस मामले की जानकारी ली। उन्होंने अभिभावक के रूप में शिंदे को भविष्य में हवाई यात्रा के दौरान सावधानी बरतने की सलाह भी दी।''
क्या है पूरा मामला?
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे को ले जा रहे हेलीकॉप्टर को गुरुवार को खराब मौसम के कारण आधे रास्ते से मुंबई वापस मुंबई आना पड़ा। शिंदे अपराह्न 3:30 बजे दक्षिण मुंबई के महालक्ष्मी रेसकोर्स से ठाणे जिले के मुरबाद के लिए रवाना हुए थे, जहां उन्हें एक विवाह समारोह में शामिल होना था, लेकिन जैसे ही हेलीकॉप्टर नवी मुंबई के ऐरोली पहुंचा, पायलट ने एक तूफान को आते हुए देखा और शिंदे को सतर्क किया, जिन्होंने मुंबई वापस आने का फैसला किया। इसके बाद हेलीकॉप्टर पवन हंस की जुहू स्थित हैलीपैड पर उतरा।
रास्ता भटक गया था हेलीकॉप्टर
मुख्यमंत्री कार्यालय ने एक बयान जारी कर बताया था कि खराब मौसम की वजह से हेलीकॉप्टर अपने निर्धारित रूट से भटक गया था, लेकिन पायलट ने स्थिति को भांपते हुए सतर्कता और सूझ-बूझ का परिचय दिया और तत्काल उड़ान को डायवर्ट करने का फैसला किया। इसके बाद हेलीकॉप्टर को जुहू स्थित हैलीपैड पर सुरक्षित उतारा गया।
