PM Modi ने दी ISRO को बधाई, NVS-03 की लॉन्चिंग से देश की नेविगेशन तकनीक को मिलेगी मजबूती

ISRO ने GSLV-F18 रॉकेट से NVS-03 सैटेलाइट का सफल प्रक्षेपण किया। इससे भारत के स्वदेशी नेविगेशन सिस्टम 'नाविक' को मजबूती मिलेगी। इस उपलब्धि के लिए पीएम मोदी ने ISRO को बधाई दी है।

भारत ने अंतरिक्ष के क्षेत्र में एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) ने शुक्रवार रात अपने नौवहन उपग्रह NVS-03 का सफल प्रक्षेपण किया। इस उपग्रह को GSLV-F18 रॉकेट की मदद से अंतरिक्ष में भेजा गया। इस मिशन की सफलता से भारत के अपने सैटेलाइट नेविगेशन सिस्टम 'नाविक' (NavIC) को और मजबूती मिलेगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Modi) ने भी इस कामयाबी पर इसरो के वैज्ञानिकों और इंजीनियरों को बधाई दी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस उपलब्धि को आत्मनिर्भर भारत की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि बेहतर तकनीक से लैस NVS-03 देश को जरूरी तकनीकों में आत्मनिर्भर बनाने के प्रयासों को आगे बढ़ाएगा।

PM Modi Congratulate ISRO on NVS-03 Launching

नरेंद्र मोदी ने ISRO को दी बधाई (X/@narendramodi/@ISRO)

रात 11:51 बजे भरी अंतरिक्ष की उड़ान

इसरो के मुताबिक, 50 मीटर लंबे और करीब 420 टन वजनी GSLV-F18 रॉकेट ने शुक्रवार रात 11 बजकर 51 मिनट पर उड़ान भरी। इसे आंध्र प्रदेश के श्रीहरिकोटा स्थित सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र के दूसरे लॉन्च पैड से रवाना किया गया। रॉकेट ने करीब 2,232 किलोग्राम वजनी NVS-03 उपग्रह को तय कक्षा में स्थापित करने का काम सफलतापूर्वक पूरा किया। इसरो प्रमुख वी. नारायणन ने मिशन की सफलता पर वैज्ञानिकों, औद्योगिक साझेदारों और शिक्षाविदों को बधाई दी। उन्होंने बताया कि रॉकेट की सभी प्रणालियों ने उम्मीद के मुताबिक काम किया और उपग्रह को सटीक तरीके से कक्षा में पहुंचाया गया।

End of Feed