सुप्रीम कोर्ट में चुनाव सुधारों को लेकर जनहित याचिका दाखिल की गई है। याचिका में लोकसभा और विधानसभा चुनावों में सिंगल ट्रांसफरेबल वोट यानी एकल हस्तांतरणीय मत प्रणाली लागू करने और मतदाताओं को अपने क्षेत्र के प्रतिनिधि के साथ-साथ पसंदीदा प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के लिए भी अलग वोट देने की व्यवस्था पर विचार करने की मांग की गई है। याचिकाकर्ता अतुल खन्ना ने संविधान के अनुच्छेद 32 के तहत सुप्रीम कोर्ट में यह PIL दाखिल की है। जाने माने वकील बरुन सिन्हा इस मामले में सुप्रीम कोर्ट में पैरवी करेंगे।
सुप्रीम कोर्ट
क्या है याचिका में मांग?
याचिकाकर्ता ने मौजूदा फर्स्ट-पास्ट-द-पोस्ट यानी सबसे ज्यादा वोट पाने वाले उम्मीदवार के जीतने की व्यवस्था में बदलाव की मांग की है। याचिका के मुताबिक, मौजूदा सिस्टम में कोई उम्मीदवार कुल पड़े वोटों में बहुमत हासिल किए बिना भी जीत सकता है। वहीं, हारने वाले उम्मीदवारों को मिले वोट चुनाव के अंतिम नतीजे में प्रतिनिधित्व नहीं कर पाते।याचिका में कहा गया है कि इससे बड़ी संख्या में वोटों का प्रभाव चुनाव के नतीजे पर नहीं पड़ता। याचिकाकर्ता का तर्क है कि ऐसी व्यवस्था पर विचार होना चाहिए, जिसमें मतदाताओं की प्राथमिकताओं को ज्यादा प्रभावी तरीके से शामिल किया जा सके।
क्या है सिंगल ट्रांसफरेबल वोट सिस्टम?
याचिका में सिंगल ट्रांसफरेबल वोट या उपयुक्त preferential voting system लागू करने का प्रस्ताव रखा गया है। इस व्यवस्था में मतदाता उम्मीदवारों को अपनी पसंद के क्रम में नंबर दे सकता है।
उदाहरण के तौर पर, मतदाता अपनी पहली पसंद के उम्मीदवार को 1, दूसरी पसंद को 2 और तीसरी पसंद को 3 नंबर दे सकता है। यदि पहली पसंद का उम्मीदवार चुनाव से बाहर हो जाता है या उसके पास निर्धारित कोटे से ज्यादा वोट होते हैं, तो नियमों के मुताबिक वोट अगली पसंद के उम्मीदवार को ट्रांसफर किए जा सकते हैं।याचिकाकर्ता का कहना है कि इससे मतदाताओं की अन्य प्राथमिकताओं को भी चुनाव परिणाम में जगह मिल सकती है और वोटों के बेकार जाने की संभावना कम हो सकती है।
मतदाता को दो वोट देने का प्रस्ताव
याचिका में लोकतंत्र के एक मिश्रित मॉडल यानी ‘मिक्स मॉडल’ का भी प्रस्ताव रखा गया है। इसके तहत मतदाता को दो अलग-अलग वोट देने की अनुमति देने की मांग है।पहला वोट अपने क्षेत्र के सांसद या विधायक को चुनने के लिए और दूसरा वोट अपनी पसंद के राष्ट्रीय या राज्य स्तर के नेता के लिए।
याचिकाकर्ता का कहना है कि इससे मतदाता को अपने प्रतिनिधि के साथ-साथ राजनीतिक नेतृत्व के बारे में भी सीधे अपनी पसंद जाहिर करने का अवसर मिलेगा। याचिका में प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के चयन की मौजूदा संवैधानिक व्यवस्था पर विचार करने की मांग भी की गई है।
मौजूदा चुनाव नियमों को भी चुनौती
याचिका में Conduct of Elections Rules, 1961 के Rule 56(1)(c) को भी चुनौती दी गई है। याचिकाकर्ता का कहना है कि एक से अधिक उम्मीदवारों के पक्ष में निशान लगाने पर बैलेट पेपर खारिज करने का नियम प्रस्तावित preferential voting व्यवस्था के अनुरूप नहीं है।याचिका में इस प्रावधान को संविधान के अनुच्छेद 14 के तहत चुनौती देते हुए इसे असंवैधानिक घोषित करने की मांग की गई है। याचिकाकर्ता ने कहा है कि संविधान और चुनाव कानूनों में जरूरी बदलावों पर विचार किया जाना चाहिए, ताकि चुनावी प्रतिनिधित्व, पारदर्शिता और नागरिकों की भागीदारी को मजबूत किया जा सके।
केंद्र, चुनाव आयोग और राज्यों को बनाया पक्षकार
याचिका में केंद्र सरकार, चुनाव आयोग, बिहार, झारखंड, दिल्ली, हरियाणा, उत्तर प्रदेश समेत राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को प्रतिवादी बनाया गया है। याचिका में सुप्रीम कोर्ट से चुनाव प्रणाली में सुधार के लिए उचित निर्देश देने और सिंगल ट्रांसफरेबल वोट तथा मिक्स मॉडल लागू करने के प्रस्ताव पर विचार करने की मांग की गई है।
