Pahalgam Terror Attack: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और रायबरेली सांसद राहुल गांधी ने बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से आग्रह किया कि बिना देरी किए दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दी जाए। उन्होंने कहा कि 28 लोगों की निर्मम हत्या की गई है। यह बिल्कुल स्पष्ट है कि इसका जिम्मेदार कौन है। इसके जिम्मेदार लोगों को कीमत चुकानी पड़ेगी।
राहुल गांधी ने क्या कुछ कहा?
राहुल गांधी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए कहा कि 28 लोगों की निर्मम हत्या कर दी गई। यह बिल्कुल स्पष्ट है कि इसका जिम्मेदार कौन है। इसके जिम्मेदार लोगों (आतंकवादियों) को कीमत चुकानी होगी। चाहे वे जहां भी हों, उन्हें इसकी कीमत चुकानी होगी। प्रधानमंत्री मोदी को कार्रवाई करनी चाहिए और बिना किसी संशय के जवाब स्पष्ट और जोरदार होना चाहिए।
उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी से आग्रह किया कि आतंकियों को ढुलमुल तरीके से नहीं, बल्कि बिना समय बर्बाद किए यह स्पष्ट कर देना चाहिए कि भारत ऐसे नापाक इरादों को बर्दाश्त नहीं करेगा। इसलिए, उन्हें कार्रवाई करने की जरूरत है... वह जब भी कार्रवाई करना जरूरी समझें, कर सकते हैं, लेकिन उन्हें जल्द ही कार्रवाई करनी चाहिए...
राहुल गांधी ने पीड़ित परिवार से की मुलाकात
राहुल गांधी ने बुधवार को पहलगाम हमले के पीड़ित शुभम द्विवेदी के परिवार से मुलाकात की। राहुल गांधी ने कहा, "मैं आज कानपुर गया, वहां मैंने पहलगाम आतंकी हमले के पीड़ित परिवार से मुलाकात की। उस परिवार के बेटे को बहुत ही निर्मम तरीके से मारा गया। इस हमले में लोगों को बेहद क्रूर तरीके से मारा गया और बहुत से लोग घायल हुए हैं।"
गौरतलब है कि जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए आतंकवादी हमले में कानपुर के निवासी एवं कारोबारी शुभम द्विवेदी समेत 26 लोगों की मौत हो गई थी। कानपुर के 31 वर्षीय व्यवसायी शुभम द्विवेदी का महज दो महीने पहले 12 फरवरी को विवाह हुआ था। कश्मीर के पहलगाम में पत्नी के सामने ही आतंकवादियों ने शुभम की गोली मारकर हत्या कर दी थी। शुभम अपनी पत्नी और नौ अन्य परिजनों के साथ एक सप्ताह की छुट्टी पर 16 अप्रैल को कश्मीर गए थे।
