Pahalgam Terror Attack: लोकसभा में विपक्ष के नेता और रायबरेली सांसद राहुल गांधी ने बुधवार को पहलगाम आतंकी हमले में जान गंवाने वाले शुभम द्विवेदी के परिजनों से मुलाकात की। इस दौरान राहुल गांधी ने पीड़ित परिवार का ढाढ़स बंधाया। बता दें कि पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए आंतकी हमले में कानपुर के शुभम द्विवेदी समेत 26 लोगों की मौत हो गई थी जिसमें ज्यादातर पर्यटक थे।
कांग्रेस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर राहुल गांधी की पीड़ित परिवार से मुलाकात की वीडियो साझा किया और बताया, ''पहलगाम में हुआ हमला देश के भाईचारे और सद्भाव पर गहरी चोट है, जिसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। हमें एकजुट होकर आतंक को करारा जवाब देना होगा।''
राहुल गांधी ने कहा कि जो लोग शहीद हुए हैं उनके लिए संसद का एक विशेष सत्र बुलाना चाहिए और उस पर चर्चा करनी चाहिए... । दरअसल, राहुल गांधी ने बीते दिनों प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक पत्र लिखकर पहलगाम में हुए आतंकी हमले को लेकर ससंद का एक विशेष संसद बुलाने का आग्रह किया था। साथ ही उन्होंने कहा था कि आतंकी हमले के खिलाफ हम एकजुट हैं।
'शुभम को मिले शहीद का दर्जा'
आतंकी हमले में जान गंवाने वाले शुभम द्विवेदी की पत्नी ने पति को शहीद का दर्ज देने की मांग की। समाचार एजेंसी एएनआई के साथ बातचीत में उन्होंने कहा कि हमारी एक ही मांग है और हमने राहुल गांधी से भी यही बात कही है कि शुभम को 'शहीद' का दर्जा दिया जाए... राहुल गांधी ने कहा कि वह इस मुद्दे को आगे ले जाएंगे और इसके लिए प्रधानमंत्री को पत्र लिखेंगे।
