BJP Hits Back At Congress: भाजपा ने कांग्रेस पर पलटवार करते हुए कहा कि देश की जनता उसे चुनाव जीतने में मदद करती है, न कि सीआईए या मोसाद। सत्तारूढ़ दल ने कांग्रेस नेता कुमार केतकर के इस दावे को खारिज करते हुए यह बात कही कि दो विदेशी जासूसी एजेंसियों ने 2014 के लोकसभा चुनावों में कांग्रेस की हार की साजिश रची थी।
संबित पात्रा का कांग्रेस पर पलटवार (PTI)
संबित पात्रा ने किया कांग्रेस पर कटाक्ष
भाजपा सांसद और राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने जासूसी एजेंसियों के बारे में केतकर की टिप्पणी को लेकर कांग्रेस पर कटाक्ष किया और कहा कि मुख्य विपक्षी दल को भारत में अपने एजेंडे को आगे बढ़ाने के लिए पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई के कारण चुनावों में हार का सामना करना पड़ा।
कुमार केतकर का दावा
कांग्रेस द्वारा संविधान दिवस के अवसर पर मुंबई में आयोजित एक कार्यक्रम में बोलते हुए केतकर ने बुधवार को दावा किया कि अमेरिका और इजराइल की जासूसी एजेंसियों, सीआईए और मोसाद ने 2014 के लोकसभा चुनावों में कांग्रेस की हार की साजिश रची थी। केतकर की टिप्पणी के जवाब में पात्रा ने कहा, भाजपा को न तो सीआईए और न ही मोसाद जिताते हैं। यह जनता है जो भाजपा को जिताती है। जिन्हें गैस सिलेंडर और आवास मिलते हैं, साथ ही गरीब, किसान, महिलाएं और युवा, भारतीय जनता पार्टी को जिताते हैं।
पात्रा ने हार के लिए ठहराया कांग्रेस को जिम्मेदार
कांग्रेस की चुनावों में हार के लिए आईएसआई को जिम्मेदार ठहराते हुए पात्रा ने कहा, अगर आप आईएसआई के खाके पर काम करेंगे, बाबरी मस्जिद का पुनर्निर्माण करने की कोशिश करेंगे, राम मंदिर का विरोध करेंगे... अगर कांग्रेस आईएसआई के एजेंडे का पालन करती है, तो वह कैसे आगे बढ़ेगी?
पात्रा ने हाल ही में संपन्न बिहार विधानसभा चुनावों में कांग्रेस के निराशाजनक प्रदर्शन पर कटाक्ष करते हुए कहा, अभी उन्होंने सिर्फ छह सीटें हासिल की हैं। देखते रहिए आने वाले दिनों में क्या होता है। वे अब ऑटो (रिक्शा) में यात्रा कर सकते हैं, लेकिन वे स्कूटी पर भी सवारी करने की स्थिति में नहीं रहेंगे।
