Parliament Special Session: संसद के विशेष सत्र से पहले कांग्रेस ने अपने सभी सांसदों को दिल्ली पहुंचने का निर्देश दिया है। पार्टी ने सांसदों से कहा है कि वे 29 नवंबर को सुबह 10 बजे तक दिल्ली में मौजूद रहें। माना जा रहा है कि कांग्रेस संसद के आगामी सत्र को लेकर अपनी रणनीति तैयार कर रही है।
संसद के विशेष सत्र से पहले कांग्रेस ने सांसदों के लिए जारी किए जरूरी निर्देश। PTI
केंद्र सरकार ने 30 नवंबर को लोकसभा और 2 दिसंबर को राज्यसभा की बैठक बुलाने का प्रस्ताव दिया है। दोनों सदनों की बैठकें 3 दिसंबर तक चल सकती हैं। इस सत्र में परिसीमन से जुड़े प्रस्ताव और महिला आरक्षण से संबंधित संविधान संशोधन विधेयक को लेकर चर्चा होने की संभावना है।
इससे पहले कांग्रेस ने संसद की कार्यवाही को लेकर अपनी संसदीय रणनीति समूह की बैठक भी बुलाई है। पार्टी सरकार के विशेष सत्र बुलाने के फैसले पर सवाल उठा चुकी है। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने इसे संविधान पर हमला बताया है।
एनसीपी ने सांसदो के लिए जारी किया व्हिप
इससे पहले राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) ने अपने सांसदों के लिए व्हिप जारी किया है। पार्टी ने सभी सांसदों को सत्र के दौरान सदन में उपस्थित रहने का निर्देश दिया है। यह व्हिप पार्टी के सांसद अमोल कोल्हे की ओर से जारी किया गया है।
